लॉरेंस-गोदारा की तरह कनाडा में उभरा नया गैंगस्टर, कैलगरी और ब्रैम्पटन फायरिंग की ली जिम्मेदारी, कहा- घर में घुसकर रिजल्ट देंगे, अगली गोली सिर में मारेंगे
कनाडा में 24 घंटे के अंदर 2 जगह फायरिंग हुई, जिसकी जिम्मेदारी भारतीय युवकों ने जिम्मेदारी ली है। इन वारदातों को लॉरेंस बिश्नोई स्टाइल में अंजाम दिया गया। जानें ये दोनों भारतीय युवक किस गैंग से है? जानें पूरी खबर।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Canada Firing: कनाडा में पिछले 24 घंटे के अंदर 2 अलग-अलग जगहों पर फायरिंग की घटनाएं हुई हैं। दोनों वारदातों की जिम्मेदारी भारतीय मूल के युवकों ने ली है। बता दें ये दोनों भारतीय किसी बड़े गैंग से नहीं जुड़े हैं। सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, ये नौजवान जल्दी पैसा कमाने और दहशत फैलाने के लिए ऐसी घटनाएं कर रहे हैं। एजेंसियां आशंका जता रही हैं कि ये युवक अपना नया गैंग खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसा भी हो सकता है।
कैलगरी फायरिंग की जिम्मेदारी कुलबीर संधू ने ली
पहली घटना कनाडा के कैलगरी शहर में हुई, यहां मीडो रिज रोड के मलवा टायर के मालिक हरप्रीत बराड़ के घर पर फायरिंग हुई। कुलबीर सिंह संधू ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट शेयर कर पूरी जिम्मेदारी ली। उन्होंने लिखा- 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज कनाडा (कैलगरी) में मलवा टायर के मालिक हरप्रीत बराड़ के घर पर फायरिंग हुई है। इसकी जिम्मेदारी मैं, कुलबीर सिद्धू, लेता हूं। इससे पहले भी उस पर 2 बार जो गोलियां चली थीं, वो मैंने ही चलवाई थीं। अगर अब भी उसने हमारी बात नहीं मानी, तो अगली गोली उसके सिर में मारी जाएगी। एक बात और बताना चाहता हूं कि पिछले दिनों चंडीगढ़ में जो चीनी कुबाहेरी का मर्डर हुआ था, उससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। बाकी अफवाहों से बचें। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।'
मिसिसॉगा-कैलिडॉन में फायरिंग मन्नू ब्रैम्पटन ने की
दूसरी घटना कनाडा के मिसिसॉगा-कैलिडॉन में हुई, यहां चाय-चूरी रेस्टोरेंट (6795 एयरपोर्ट रोड, मिसिसॉगा) और कैरी ट्रांसपोर्ट (कैलिडॉन) के परिसर पर फायरिंग हुई। मन्नू ब्रैम्पटन (मन्ना गिल) और उनके भाई बॉस यूरोप ने पोस्ट कर इसकी जिम्मेदारी ली। उन्होंने लिखा- 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज जो चाय-चूरी रेस्टोरेंट और कैरी ट्रांसपोर्ट पर गोलियां चलीं, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं। जो भी हमारे कॉल या मैसेज नजरअंदाज करेगा, उसका बुरा हाल करेंगे। जरूरत पड़ी तो घर में घुसकर सीधा रिजल्ट देंगे। वेट एंड वॉच।'
कनाडा की जांच एजेंसियां दोनों मामलों की छानबीन कर रही हैं। सूत्र बताते हैं कि लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा जैसे बड़े गैंग्स से अलग ये युवक छोटे-छोटे स्तर पर अपराध बढ़ा रहे हैं। कनाडा में भारतीय मूल के कुछ नौजवानों की बढ़ती गतिविधियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन रही हैं। पुलिस दोनों जगहों पर सबूत जुटा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।