VIRAL: पेट है या कुंआ... जब कचौड़ी खाने पहुंचे ग्राहक से परेशान हुआ दुकानदार, उसकी हरकत देख जोड़ लिए हाथ; कहा- दोबारा मत आना
इस बार एक दुकानदार और ग्राहक से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ है। अपनी दुकान पर कचौड़ी खाने आए एक ग्राहक से दुकानदार इतना परेशान हो गया कि उसने हाथ जोड़ लिए।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में इस बार एक दुकानदार और ग्राहक से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ है। अपनी दुकान पर कचौड़ी खाने आए एक ग्राहक से दुकानदार इतना परेशान हो गया कि उसने हाथ जोड़ लिए। इतना ही नहीं, दुकानदार ने उससे वापस उसकी दुकान पर न लौटने की बात तक कह डाली। आखिर ऐसा क्या हुआ कि दुकानदार बुरी तरह बौखला गया, चलिए बताते हैं...
मालूम हो कि इंटरनेट पर वायरल होने के लिए वीडियो बनाना अब एक चलन हो गया है। इसी कड़ी में लोग क्रिएटिव वीडियो बनाकर सोशल मीडिल पर अपलोड कर देते हैं। इसके चलते उनकी वजह से सामने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। लेकिन इससे कंटेंट क्रिएटर्स को क्या ही फर्क पड़ता है उन्हें तो वायरल होने से मतलब है। खैर, इस वक्त जो वीडियो छाया हुआ है उसमें दुकानदार का रिएक्शन देखने वाला है।
दुकानदार ने पहले खुशी-खुशी सर्व की कचौड़ी
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ग्राहक दुकानदार से एक कचौड़ी सर्व करने को कहता है। दुकानदार भी खुशी-खुशी सर्व कर दे देता है। इसके बाद ग्राहक पूछता है कि अगर और सब्जी चाहिए हो तो कितनी बार ले सकते हैं। इस पर दुकानदार कहता है कि जब तक आपकी प्लेट में कचौड़ी रहेगी तब तक आप सब्जी ले सकते हैं। बस यही कहना दुकानदार को भारी पड़ गया।
ग्राहक की हरकत से बौखला उठा दुकानदार
इसके बाद ग्राहक ने एक कचौड़ी ली और खाने के बाद वापस सब्जी लेने आ गया। पहली बार में तो दुकानदार ने बड़े ही आराम से दे दिया। इसके बाद सिर्फ एक कचौड़ी के बदले वो कई बार सब्जी लेने पहुंच गया। उसकी इस हरकत से खुश दुकानदार के चेहरे का रंग उतरता चला गया। आखिर में एक समय ऐसा आया जब दुकानदार के सब्र का बांध टूट गया और ग्राहक से दुकान पर फिर कभी नहीं आने की बात कहने तक की नौबत आ गई। दुकानदार ने भड़कते हुए ग्राहक से कहा कि एक टूक खाता है फिर एक दोना सब्जी ले जाता है। पेट है कि कुंआ है? पेट में कुंआ खुद रहा है क्या? दुकानदार ने गुस्से में उससे पैसे लेने से भी मना कर दिया और कहा कि दोबारा इस पते पर मत आना।
Advertisement
ग्राहक के हिम्मत की देनी पड़ेगी दाद!
इसके बावजूद ग्राहक की हिम्मत देखो, उसने एक और कचौड़ी की मांग कर दी। गुस्से से लाल दुकानदार ने कहा कि अब कचौड़ी नहीं है चले जाओ। मुझसे गलती हो गई जो मैंने तु्म्हें कचौड़ी खिला दी। वीडियो में दिखा कि दुकानदार की बहुत कचौड़ी बची है लेकिन उसके लिए सब्जी खत्म हो चुकी है। ग्राहक ने सिर्फ एक कचौड़ी के लिए पूरी सब्जी सफाचट कर दी। अब दुकानदार और ग्राहक के बीच की मजेदार बातचीत खूब तेजी से वायरल हो रही है।
वीडियो देख लोगों ने यूं लिए मजे
इस वीडियो को एक एक्स यूजर ने शेयर किया है जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों बार देखा और लाइक किया जा चुका है। कमेंट सेक्शन में रिएक्शंस की भरमार है। एक यूजर ने लिखा, 'मैं इतना ज्यादा तो नहीं, लेकिन ऐसा ही करता हूं।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'जब मैंने वीडियो देखी तो हंसी ही नहीं रुक रही थी जल्दी।' एक और यूजर ने अपना एक्सपीरियंस बताते हुए लिखा, 'एक बार हमने भी ऐसा ही किया था। अगला बंदा हाथ जोड़कर खड़ा हो गया था।' एक अन्य ने लिखा, 'हंसते हंसते पाप लगेगा भाई तुम्हें।' वहीं एक ने दुकानदार के सब्र को देखते हुए लिखा, 'दुकानदार भैया को अभिनंदन कि उन्होंने अपना आपा नहीं खोया।'