बच्चे ने घर जाने के लिए बुक की रैपिडो, ड्राइवर चलती बाइक पर छूने लगा प्राइवेट पार्ट; नाबालिग संग गलत हरकत का VIDEO VIRAL
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रैपिडो ड्राइवर चलती बाइक पर नाबालिग लड़के के साथ गलत हरकत करने की कोशिश कर रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद कंपनी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Viral Video: देश में छेड़छाड़ के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। परेशानी की बात यह है कि इसका शिकार सिर्फ महिलाएं ही नहीं बल्कि पुरुष और मासूम बच्चे भी हो रहे हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वो वीडियो है जिसमें एक रैपिडो वाले ने एक नाबालिग लड़के के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक चलाते समय चालक अपना हाथ पीछे ले जाकर जबरन लड़के की जांघ और उसका प्राइवेट पार्ट छूने की कोशिश कर रहा है। उसकी इस हरकत से परेशान लड़के ने पूरी घटना का वीडियो अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
बच्चे ने रैपिडो ड्राइवर की हरकत का किया विरोध
पूरे मामले में मोड़ तब आया जब बच्चे ने रैपिडो ड्राइवर की इस हरकत का विरोध किया। पहले तो ड्राइवर बहाने बनाता रहा, लेकिन जैसे ही उसे अहसास हुआ कि उसका वीडियो बनाया जा रहा है, वह गिड़गिड़ाने और माफी मांगने लगा।
रैपिडो ड्राइवर ने नशे में होने का बनाया बहाना
बच्चे ने इसी दिन का एक और वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'दोस्तों, यह वीडियो उन लोगों के लिए है जो मुझ पर आरोप लगा रहे हैं कि मैंने यह वीडियो स्क्रिप्टेड तरीके से बनाया है। यह स्क्रिप्टेड नहीं था। यह अंकल की साइड की कहानी है और मुझे लगा कि इसे सबके सामने लाना बहुत जरूरी है क्योंकि मामला अब काफी गरमा गया है। यहां साफ दिख रहा है कि वो अपनी हरकतें मान रहे हैं और नशे में होने का बहाना बनाकर अपना बचाव कर रहे हैं, जबकि वो नशे में नहीं थे।'
Advertisement
नाबालिग ने आगे लिखा, 'मुझे ये इसलिए पता है क्योंकि उनसे वैसी गंध नहीं आ रही थी। साथ ही, वो ये कहकर भी बचाव कर रहे थे कि ये एक गलती थी।'
रैपिडो कंपनी ने लिया संज्ञान
इस घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए रैपिडो कंपनी ने अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की है। कंपनी ने पीड़ित के इस बेहद खराब और डरावने अनुभव के लिए माफी मांगी। साथ ही सुरक्षा नीतियों का उल्लंघन करने वाले आरोपी बाइक राइडर को ऐप से स्थाई तौर पर बैन कर दिया है।
Advertisement
रैपिडो ने वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'आपको जो अनुभव हुआ, उसके लिए हमें सच में खेद है। हम समझते हैं कि ऐसी स्थितियों से आप बहुत असहज और परेशान महसूस कर सकते हैं। जैसा कि कॉल पर बात हुई थी, कृपया जान लें कि हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है और जिस कैप्टन की शिकायत की गई थी, उसे प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए हटा दिया गया है। ऐसा व्यवहार जिससे किसी ग्राहक की सुरक्षा या सम्मान को ठेस पहुंचे, वो हमें बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। हम आपके भरोसे की सच में कद्र करते हैं और हम यह पक्का करने के लिए हर संभव कोशिश करते रहेंगे कि हमारा प्लेटफॉर्म सभी के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जगह बना रहे।'
यूजर्स का फूटा गुस्सा
इस वीडियो को देखने के बाद यूजर्स हैरान-परेशान रह गए। एक महिला यूजर ने लिखा, 'सभी पुरुष नहीं, लेकिन हमेशा कोई न कोई पुरुष ही होता है।' दूसरे यूजर ने अपनी आपबीती बताते हुए लिखा, 'भाई, मेरे साथ भी बिल्कुल यही हुआ! और मैं बुरी तरह डर गया था!' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'अब पुरुष पुरुषों से ही सुरक्षित नहीं हैं।' एक अन्य महिला यूजर ने लिखा, 'और लोग कहते हैं कि औरतें 'ठीक से कपड़े नहीं पहनतीं', जिसकी वजह से ऐसी घटनाएं होती हैं। लेकिन इसका क्या? तुमने ऐसा क्या पहना था जिसकी वजह से तुम्हारे साथ ऐसी बदसलूकी हुई? किसी के भी साथ ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए।'