दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में हंगामा, घंटों बंद रहा एसी; गर्मी से बेहाल हुए यात्री- Video हुआ वायरल

दिल्ली एयरपोर्ट पर रांची जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक तकनीकी खराबी के कारण यात्री घंटों विमान के भीतर ही फंसे रह गए। इस भीषण गर्मी के मौसम में विमान का एसी भी पूरी तरह बंद हो गया, जिसने यात्रियों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया। दिल्ली से रांची जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E-2614) में उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से यात्रियों को दो से तीन घंटे तक विमान के अंदर ही बंधक जैसी स्थिति में बैठना पड़ा।

बंद AC और भीषण गर्मी से बिगड़ी तबीयत

फ्लाइट को दोपहर 2:40 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन टेकऑफ से ठीक पहले गड़बड़ी का पता चला। विमान को रनवे पर जाने से तो रोक दिया गया, लेकिन यात्रियों को बाहर नहीं निकाला गया। इसी बीच विमान का एसी (AC) भी बंद हो गया।दिल्ली की उमस और भीषण गर्मी में बिना एसी के केबिन भट्टी जैसा तपने लगा। विमान में सवार छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बेहाल हो गए। राहत पाने के लिए यात्री सीटों पर रखी मैगजीन और कपड़ों से खुद को हवा करने लगे। फ्लाइट में मौजूद यात्री ने बताया, 'अंदर सांस लेना मुश्किल हो रहा था। बच्चे रो रहे थे, लेकिन एयरलाइन स्टाफ हमें बाहर निकालने को तैयार नहीं था।'

यात्रियों का फूटा गुस्सा, क्रू मेंबर्स को घेरा

काफी देर तक जब कोई मदद नहीं मिली, तो यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए यात्रियों ने विमान के अंदर ही हंगामा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यात्रियों का कहना था कि जब फ्लाइट में खराबी आई थी, तो उन्हें तुरंत टर्मिनल वापस क्यों नहीं भेजा गया? सुरक्षा और सुविधा के नाम पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हंगामे के बाद एक्शन में आया मैनेजमेंट

यात्रियों के बढ़ते आक्रोश को देखकर एयरलाइन प्रबंधन हरकत में आया। आनन-फानन में विमान के दरवाजे खोले गए और बसों के जरिए यात्रियों को वापस एयरपोर्ट टर्मिनल लाया गया। तकनीकी सुधार और जांच के बाद विमान ने आखिरकार कई घंटों की देरी से उड़ान भरी। जो फ्लाइट शाम 4:35 बजे रांची पहुंचने वाली थी, वह रात करीब 8:15 बजे वहां पहुंच सकी।

Advertisement

ये भी पढ़ें - भीड़ ने युवती पर फेंकी पानी की बोतल, सिर लगी और...कामाख्या मंदिर के अम्बुबाची मेले से शर्मनाक VIDEO वायरल; इंटरनेट पर फूटा लोगों का गुस्‍सा

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड