Viral Video: ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों ने लगाया 'सर्जरी कॉम्पिटिशन', पाकिस्तान के अस्पताल का शर्मनाक वीडियो देख भड़के लोग
Viral Video: पाकिस्तान के लाहौर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जहां डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर में मरीजों की जान जोखिम में डालकर 'सर्जरी कॉम्पिटिशन' करते दिखे।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Pakistan Doctors Video: पड़ोसी देश पाकिस्तान से चिकित्सा जगत को शर्मसार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है। हालांकि इस बार घटना टेररिज्म या गीदड़ भभकियों की नहीं है, जबकि एक ऑपरेशन थिएटर की है। दरअसल, लाहौर के एक नामी अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीजों की जिंदगी को ताक पर रखकर ऑपरेशन थिएटर (OT) को खेल का मैदान बना दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ आपस में 'सर्जरी कॉम्पिटिशन' करते नजर आ रहे हैं, जिसे देख इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
ऑपरेशन थिएटर में 'C-Section' का मुकाबला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चौंकाने वाला मामला लाहौर के लेडी विलिंगडन अस्पताल का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो अलग-अलग टीमें दो गर्भवती महिलाओं का सिजेरियन (C-Section) ऑपरेशन कर रही हैं। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि डॉक्टर पूरी सावधानी बरतने के बजाय इस बात की होड़ में लगे हैं कि कौन सबसे पहले सर्जरी पूरी करता है। यही नहीं बैकग्राउंड में कुछ लोग डॉक्टरों को ‘जल्दी करो, जल्दी करो’ कहकर उकसाते हुए और हंसते हुए सुनाई दे रहे हैं।
सुरक्षा के नियमों की उड़ी धज्जियां
इस घटना ने न केवल मरीजों की जान को खतरे में डाला, बल्कि मेडिकल एथिक्स और मरीज की प्राइवेसी का भी घोर उल्लंघन किया है। ऑपरेशन थिएटर एक ऐसी जगह होती है जहां वीडियो बनाना सख्त मना है, लेकिन यहां न केवल वीडियो बनाया गया बल्कि इसे सोशल मीडिया पर 'मजे' के लिए शेयर भी किया गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे 'जाहिलियत' करार देते हुए कहा है कि अगर ऐसी घटना किसी अन्य देश में होती, तो इन डॉक्टरों का लाइसेंस तुरंत रद्द कर दिया जाता।
सोशल मीडिया पर फूटा जनता का गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद लोग दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और उन्हें तुरंत सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘इन डॉक्टरों की पढ़ाई का क्या फायदा जब इन्हें एक इंसानी जान की कीमत ही नहीं पता।’ वहीं, दूसरे यूजर ने वीडियो रिकॉर्ड करने वाली टीम की पहचान कर उन्हें सजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पाकिस्तान में स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से ही बदहाल है और अब ऐसी घटनाएं?
Advertisement
अस्पताल प्रशासन ने शुरू की जांच
मामले ने जब तूल पकड़ा, तो लेडी विलिंगडन अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. फराह ने बयान जारी कर बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर दिया गया है। यह कमेटी इस बात की जांच करेगी कि वीडियो किसने बनाया, इसे लीक कैसे किया गया और कॉम्पिटिशन में कौन-कौन से डॉक्टर शामिल थे। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।