अपडेटेड 28 February 2026 at 23:18 IST
‘लड़की के पीछे रात को…’; कंटेंट क्रिएटर ने महिलाओं का पीछा करने पर दिया भद्दा बयान, अब महिला आयोग ने लिया एक्शन
Nakul Dhull Video Controversy: कंटेंट क्रिएटर नकुल ढुल का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें महिलाओं की सुरक्षा का सीधे-सीधे मजाक उड़ाते देखा जा सकता है।
- वायरल न्यूज़
- 4 min read

Nakul Dhull Video Controversy: कंटेंट क्रिएटर नकुल ढुल का एक “शर्मनाक” वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें महिलाओं की सुरक्षा का सीधे-सीधे मजाक उड़ाते देखा जा सकता है। वो हंसते हुए कहते हैं कि 'किसी लड़की के पीछे रात के 11 बजे चलके देखो, तुम्हें पता लगेगा कि डर क्या होता है'। अब राष्ट्रीय महिला आयोग ने ये वीडियो बनाने वाले नकुल ढुल के खिलाफ एक्शन लिया है।
नकुल ढुल हरियाणा के इंफ्लुएंसर हैं जो इन दिनों इस वीडियो को लेकर विवादों में हैं। इस वीडियो की एक छोटी सी क्लिप खासतौर पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
नकुल ढुल के वीडियो पर बवाल
राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक्स हैंडल के जरिए नकुल ढुल के वीडियो के खिलाफ एक्शन लेने की जानकारी दी है। आयोग ने लिखा कि उसने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें इस विवादित वीडियो का जिक्र है। ये रिपोर्ट कंटेंट क्रिएटर नकुल ढुल और अन्य के एक आपत्तिजनक वीडियो से जुड़ी है।
बयान में आगे लिखा है- “इस वीडियो को प्रैंक की तरह पोस्ट किया गया जिसमें एक अकेली महिला को रात में डराने के लिए उसका पीछा करने की बात की जा रही है। यह वीडियो महिलाओं के डर को तुच्छ ठहराता है और उनका पीछा करने और धमकाने को सामान्य बनाता है, जो पब्लिक प्लेस पर महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है”।
Advertisement
आयोग ने तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की मांग की है, जिसमें FIR दर्ज करना, इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच और वीडियो को हटाने और इसके आगे प्रसार को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाना शामिल है। अध्यक्ष ने हरियाणा के डीजीपी को 5 दिनों के अंदर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।
महिलाओं के डर का ‘मजाक’ बनाने वाला इंफ्लुएंसर
जैसे ही ये वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। वीडियो में ढुल ने कहा कि कैसे रात में किसी अकेली महिला का पीछा करके, उसके पीछे दौड़कर, उसे ओवरटेक करके और जानबूझकर उसे डराकर "मजाक" किया जा सकता है। वो महिलाओं के डर को जिस तरह छोटा बनाकर मजाक करते दिखे, उसे देख वो लोगों के निशाने पर आ गए हैं। वायरल क्लिप में इन्फ्लुएंसर लक्ष्य चौधरी भी उनके साथ बैठे नजर आ रहे हैं।
Advertisement
नकुल ने जिस आपत्तिजनक तरीके से ये बात बोली है, उसे लिखा भी नहीं जा सकता। वो ये कहना चाह रहे हैं कि ‘लड़कियों से डरना नहीं चाहिए क्योंकि उन्हें डराना तो काफी आसान होता है। रात को उनके पीछे चलके देखो, उन्हें छेड़ो मत, ओवरटेक कर लो, फिर देखो वो कैसे डरती हैं’।
हर महिला रात को सुनसान सड़क पर चलते हुए घबराती है। अगर वो किसी मजबूरी में भी घर से निकलती है तो पूरे समय उसके मन में एक डर सा बैठा रहता है। पास से कोई साया भी गुजरता है तो वह सहम सी जाती है। अगर उसी डर को कोई इंसान मजाक बनाकर सोशल मीडिया पर ऐसे परोसे और उसके आसपास बैठे लड़के इस बात पर ठहाका लगाकर हंस रहे हो तो ये समाज की सोच पर गंभीर सवाल पैदा करता है। यही कारण है कि पूरा सोशल मीडिया अब मिलकर नकुल ढुल की जमकर आलोचना कर रहा है। जो लोग कल तक उन्हें फॉलो करते थे, अब वही सोशल मीडिया पर उन्हें खरी खोटी सुना रहे हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 28 February 2026 at 23:18 IST