अपडेटेड 4 February 2026 at 19:39 IST
VIRAL VIDEO: मैडम ये पार्सल किसे देना है, किसी को नहीं... जब महिला ने पोर्टर से फेंकवाया कचरा, वायरल वीडियो की क्या है सच्चाई?
VIral Video On Social Media: लखनऊ के एक पोर्टर राइडर ने कस्टमर का सामान डिलीवर करने की बजाय उसे कूड़े में फेंक दिया, जिसे देखकर सभी लोग हैरान रह गए। आखिर ऐसा क्या हुआ जो राइडर ने यह कदम उठाया?
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Lucknow Viral Video On Social Media: आजकल हम में से ज्यादातर लोग सामान भेजने के लिए पोर्टर जैसी ऑनलाइन सर्विस का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन लखनऊ से सामने आया एक मामला सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर रहा है। इस घटना का वीडियो इतना वायरल हो गया कि हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर ऐसा भी कोई करता है? तो चलिए जानते हैं वायरल वीडियो के पीछे की पूरी कहानी का सच क्या है?
दरअसल, लखनऊ की एक महिला ने पोर्टर ऐप के जरिए पार्सल बुक किया। राइडर तय समय पर आया, महिला ने कहा कि ऑनलाइन पेमेंट हो चुकी है और पार्सल उसे थमा दिया। सब कुछ बिल्कुल सामान्य लग रहा था। लेकिन असली कहानी तब सामने आई, जब राइडर सुनसान जगह पर पहुंचा। राइडर ने महिला को कॉल कर पूछा कि पार्सल किसे देना है। इस पर महिला का जवाब सुनकर वह भी चौंक गया। महिला ने कहा, “भैया, किसी को देना नहीं है, उसे फेंक दीजिए।”
यानी जिस पार्सल के लिए पैसे देकर सर्विस बुक की गई थी, वह असल में कोई सामान नहीं बल्कि कूड़ा था। इस पूरी घटना को पोर्टर राइडर करन निषाद ने वीडियो में रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
दो पार्ट में सामने आई कहानी
करन निषाद ने इस घटना का पहला वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह कस्टमर से पूछते नजर आते हैं - “ये क्या बात हुई?” इसके बाद वह कूड़ा फेंक देते हैं और तंज में कहते हैं कि, “पोर्टर इसीलिए चला रहा हूं, ताकि दूसरों का कूड़ा फेंक सकूं।”
Advertisement
यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। लोगों ने न सिर्फ महिला के व्यवहार पर सवाल उठाए, बल्कि राइडर द्वारा सड़क किनारे कूड़ा फेंकने पर भी नाराजगी जताई।
लोगों के सवालों पर आया दूसरा वीडियो
सोशल मीडिया यूजर्स के सवालों के बाद करन ने इस घटना का दूसरा पार्ट भी शेयर किया। इसमें वह अपने घर से करीब 7 किलोमीटर दूर, उसी जगह पर दोबारा जाते हैं जहां कूड़ा फेंका गया था। हालांकि, वहां उन्हें कूड़ा नहीं मिला। इस वीडियो में करन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और कहा कि सड़क किनारे कूड़ा फेंकना उनकी गलती थी। उन्होंने माना कि उन्हें ज्यादा जिम्मेदार होना चाहिए था और भविष्य में साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखने का वादा भी किया।
Advertisement
वीडियो को मिले लाखों व्यूज
करन निषाद ने यह वीडियो 3 फरवरी को पोस्ट किया था। महज 21 घंटे में इस वीडियो को 81 लाख से ज्यादा व्यूज, ढाई लाख से ऊपर लाइक्स और 2200 से ज्यादा कमेंट्स मिल चुके हैं। उन्होंने वीडियो को “पोर्टर का सही इस्तेमाल” कैप्शन के साथ शेयर किया है।
कौन है जिम्मेदार?
इस पूरे मामले में जहां महिला का व्यवहार बेहद गैर-जिम्मेदाराना नजर आता है, वहीं राइडर की गलती भी सामने आई कि उन्होंने कूड़ा सड़क किनारे फेंक दिया। हालांकि, उन्होंने अपनी गलती मानकर माफी मांग ली है। यह घटना सिर्फ एक वायरल वीडियो नहीं है, बल्कि हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि सुविधाओं का गलत इस्तेमाल और साफ-सफाई को लेकर हमारी जिम्मेदारी कितनी जरूरी है।
हालांकि, देखने में यह वीडियो सच नहीं लग रहा है और ऐसा लग रहा है, जैसे इसे केवल व्यूज के लिए ही बनाया गया हो। वहीं इस वीडियो की असल सच्चाई अबतक सामने नहीं आई है।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 4 February 2026 at 19:39 IST