Dhurandhar: भारत के साथ वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार तो दूसरी ओर PAK में धुरंधर का जबरदस्त क्रेज, OTT पर पाकिस्तान में कर रही ट्रेंड
Dhurandhar OTT Release: ऐसे में जहां एक ओर भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव की खबरें हैं, वहीं दूसरी ओर ‘धुरंधर’ ने भारत के सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद अब पाकिस्तान में ओटीटी रिलीज के बाद ट्रेंड करना शुरू कर दिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

एक तरफ भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट को लेकर तनाव की खबरें हैं, तो दूसरी तरफ बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ पाकिस्तान में भी जबरदस्त लोकप्रिय हो रही है। हालात ऐसे हैं कि पाकिस्तान में बैन होने के बावजूद यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर भारत के साथ-साथ पड़ोसी देश में भी नंबर 1 ट्रेंडिंग बन चुकी है।
भारत-पाक मैच को लेकर बड़ा फैसला
पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक X अकाउंट से जानकारी दी गई है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी गई है। हालांकि, सरकार ने साफ कर दिया है कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेला जाएगा।
यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो में होना था, लेकिन पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैदान में उतरने से मना कर दिया है। बताया जा रहा है कि भारतीय टीम तय शेड्यूल के मुताबिक 15 फरवरी को श्रीलंका जाएगी, ICC प्रोटोकॉल का पालन करेगी, प्रैक्टिस और प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी और फिर मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार करेगी।
‘धुरंधर’ की सफलता और विवाद
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर ‘धुरंधर’ 2025 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही है। दिसंबर 2025 में थिएटर्स में रिलीज होने के बाद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और ₹1300 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर इतिहास रच दिया।
Advertisement
पाकिस्तान में भी कर रही है ट्रेंड
30 जनवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होते ही ‘धुरंधर’ ने नया रिकॉर्ड बना दिया। हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान में आधिकारिक तौर पर बैन होने के बावजूद यह फिल्म वहां भी नंबर 1 ट्रेंड करने लगी। सोशल मीडिया और Reddit पर पाकिस्तानी दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं, जो काफी चर्चा में हैं।
भारत में भी OTT पर धमाल
भारत में भी ‘धुरंधर’ ने नेटफ्लिक्स इंडिया पर रिलीज़ के 24 घंटे के भीतर टॉप पोजीशन हासिल कर ली। ऐसे में फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने कहा, “नेटफ्लिक्स पर ‘धुरंधर’ का इतना प्यार मिलना बेहद संतोषजनक है। यह फिल्म पैशन के साथ देखी जानी चाहिए। अब वो चाहे थिएटर में हो या घर पर।”
Advertisement
सेलेब्स ने भी की तारीफ
फिल्ममेकर शेखर कपूर ने X पर लिखा, “नेटफ्लिक्स पर ‘धुरंधर’ देखी। बेहतरीन कहानी और शानदार परफॉर्मेंस। निर्देशक आदित्य धर को पूरी तारीफ मिलनी चाहिए। अब ‘धुरंधर 2’ का इंतजार रहेगा।”