VIDEO: 180 की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन, गिलास से नहीं छलका एक भी बूंद पानी; रेल मंत्री ने खुद दिखाई वंदे भारत की ताकत
Vande Bharat Train: 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटे भर रही ट्रेन में भरे गिलास से एक बूंद पानी भी नहीं छलका। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read

Vande Bharat Train: वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया। 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटे भर रही ट्रेन में डेक पर एक के ऊपर एक रखे भरे गिलास से एक बूंद पानी भी नहीं छलका।
दरअसल, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के ट्रायल रन का वीडियो शेयर किया। ये ट्रेन कोटा-नागदा सेक्शन के बीच 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी, जो कि इसकी अधिकतम डिजाइन स्पीड बताई जाती है। इस दौरान एक खास 'वॉटर टेस्ट' किया गया।
फाइनल ट्रायल में वंदे भारत का जलवा
ट्रेन के भीतर एक के ऊपर एक गिलासों में पानी भरकर रखा। तेज रफ्तार के बावजूद पानी के एक बूंद भी गिलास से बाहर नहीं गिरी। इस छोटे से टेस्ट से ट्रेन की स्टेबिलिटी (स्थिरता) का प्रदर्शन देखने को मिला।
नई जेनरेशन की ट्रेन- रेल मंत्री
अश्विनी वैष्णव ने X पर वीडियो शेयर कर लिखा, ‘आज कमिश्नर रेलवे सेफ्टी ने वंदे भारत स्लीपर का टेस्ट किया। यह कोटा-नागदा सेक्शन के बीच 180 kmph की स्पीड से चली। और हमारे अपने वॉटर टेस्ट ने इस नई जेनरेशन की ट्रेन के टेक्नोलॉजिकल फीचर्स को दिखाया।’
Advertisement
वर्तमान में चल रही वंदे भारत ट्रेनों का डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा और अधिकतम ऑपरेशनल स्पीड 160 किमी प्रति घंटा है। हालांकि, ट्रेन की औसत रफ्तार ट्रैक की स्थिति, रूट में पड़ने वाले स्टॉपेज की संख्या और मेंटेनेंस जैसे कारणों पर निर्भर करती है।
तेज रफ्तार और आरामदायक सफर
रेल मंत्रालय ने हालिया बयान में कहा, ‘आने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रात की लंबी दूरी की यात्रा को पूरी तरह बदल देगी, जिसमें आरामदायक सफर, तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इन ट्रेनों से सफर में समय की बचत होगी।’
Advertisement
जल्द शुरू की जाएंगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें
रेलवे की सालाना समीक्षा के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें जल्द शुरू की जाएंगी। पहले इसे व्यस्त रूटों पर चलाया जाएगा और फिर धीरे-धीरे अन्य मार्गों पर इसका विस्तार किया जाएगा।