'हमको चाइनीज मत बोलो, अभी हम इंडिया हो गया', टिंकल का 10 मिलियन वाला VIRAL VIDEO दे रहा सबक

अरुणाचल प्रदेश की चार साल की बच्ची कार्गा ट्विंकल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद चर्चा में है। वीडियो में नन्ही ट्विंकल ने अपनी मासूमियत और पूरे आत्मविश्वास के साथ लोगों से अपील की कि पूर्वोत्तर के नागरिकों को 'चाइनीज' न कहा जाए, क्योंकि वे गर्व से भारतीय हैं। उसकी इस प्यारी और साहसिक बात ने पूरे देश का दिल जीत लिया और लोगों ने उसे स्नेहपूर्वक 'इंडिया की बेबी' कहना शुरू कर दिया।

'हमको चाइनीज मत बोलो, अभी हम इंडिया हो गया', टिंकल का 10 मिलियन वाला VIRAL VIDEO दे रहा सबक
'हमको चाइनीज मत बोलो, अभी हम इंडिया हो गया', टिंकल का 10 मिलियन वाला VIRAL VIDEO दे रहा सबक | Image: Instagram

अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर की रहने वाली 4 साल की कार्गा टिंकल गोंगो की एक छोटी-सी शिकायत ने पूरे देश के चेतना को झकझोर कर रख दिया है। मासूम टिंकल की शिकायत सिर्फ इतनी थी कि लोग उसकी शक्ल देखकर उसे 'चाइनीज' कहते हैं, जबकि वह एक सच्ची भारतीय है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में उसने बड़ी बेबाकी और मासूमियत से कहा, 'जब लोग मुझे चाइनीज कहते हैं तो मुझे दुख और गुस्सा आता है... हमको इंडियन बोलो।' 

उसकी इस अपील ने देश भर के लोगों का दिल जीत लिया और 1 करोड़ से अधिक लोगों ने इस वीडियो को देखकर उसके दर्द को महसूस किया।

एक आइसक्रीम की दुकान से उठी आवाज

इस वीडियो के पीछे की घटना बेहद भावुक करने वाली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टिंकल अपनी मां के साथ आइसक्रीम खरीदने गई थी। वहां वह हिंदी में बात कर रही थी, तभी किसी व्यक्ति ने उसकी शक्ल-सूरत देखकर उसे 'चाइनीज बच्चा' कह दिया। इस बात ने मासूम टिंकल के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई। उसने तुरंत अपनी मां से वीडियो बनाने की जिद की ताकि वह दुनिया को अपनी असली पहचान बता सके। परिजनों को भी अंदाजा नहीं था कि उसकी यह शिकायत कुछ ही घंटों में पूरे देश की आवाज बन जाएगी।

पूर्वोत्तर का दर्द और नस्लीय पूर्वाग्रह

टिंकल के इस वीडियो ने सिर्फ उसकी क्यूटनेस को उजागर नहीं किया, बल्कि पूर्वोत्तर भारत के लोगों द्वारा दशकों से झेले जा रहे नस्लीय पूर्वाग्रह पर भी तीखा प्रहार किया। आज भी देश के कई हिस्सों में पूर्वोत्तर के नागरिकों को उनकी शारीरिक बनावट के आधार पर गैर-भारतीय समझ लिया जाता है। 4 साल की बच्ची के इस दर्द ने देशवासियों को अपनी सोच पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर कर दिया।

Advertisement

'अभी हम इंडिया हो गया' बच्ची को मिला पूरा भारत का प्यार

देशभर से मिले अपार प्यार के बाद अब टिंकल का एक नया और बेहद प्यारा वीडियो सामने आया है। जब उसकी मां ने उसे बताया कि अब पूरा देश उसे 'इंडिया की बेबी' कह रहा है, तो टिंकल खिलखिलाकर बोल उठी- 'अभी हम इंडिया हो गया... थैंक यू आप सबको।'सोशल मीडिया पर उसे मिल रहे समर्थन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 82 हजार से भी ज्यादा हो चुके हैं। टिंकल की यह जीत केवल एक बच्ची की खुशी नहीं, बल्कि हर उस भारतीय की जीत है जो अपनी ही सरजमीं पर पहचान के लिए संघर्ष करता है।

ये भी पढ़ें - राजस्थान में मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार, 60 ठिकानों पर छापे; 429 किलो मिलावटी खाद्य सामग्री तबाह

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड