राजस्थान में मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार, 60 ठिकानों पर छापे; 429 किलो मिलावटी खाद्य सामग्री तबाह

त्योहारी सीजन शुरू होते ही राजस्थान में मिलावटखोरों पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत सोमवार को प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन कार्रवाई की।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

राहुल जांगिड़ की रिपोर्ट

कार्रवाई के दौरान 60 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और खाद्य पदार्थों के 94 नमूने लिए गए। जांच से पहले ही मानव उपभोग के अयोग्य और दूषित पाए गए 429 किलो खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं खैरथल-तिजारा में 300 किलो संदिग्ध मिल्क प्रोडक्ट जब्त किया गया।

मिठाई से लेकर घी-तेल तक... मिलावट पर वार

विभाग के मुताबिक प्रदेशभर में नष्ट की गई सामग्री में 257 किलो मिठाइयां, 142 किलो मिल्क प्रोडक्ट्स, 10 किलो घी/तेल और 20 किलो अन्य खाद्य सामग्री शामिल है। सवाई माधोपुर, चूरू, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, अजमेर और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में खराब और दूषित मिठाइयों को नष्ट कराया गया। वहीं भीलवाड़ा, ब्यावर, सीकर, करौली और अजमेर में मिल्क प्रोडक्ट्स पर कार्रवाई हुई।

खैरथल-तिजारा में 300 किलो मिल्क प्रोडक्ट सीज

खैरथल-तिजारा में खाद्य सुरक्षा टीम को संदिग्ध गुणवत्ता का मिल्क प्रोडक्ट मिला। टीम ने करीब 300 किलो सामग्री जब्त कर ली। अब इसके संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

94 सैंपल, अब रिपोर्ट का इंतजार

खाद्य सुरक्षा टीमों ने कुल 94 नमूने लिए हैं। इनमें 53 विधिक और 41 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी, खाद्य तेल, मक्खन और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

त्योहारों से पहले सरकार का साफ संदेश

अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में खाद्य पदार्थ सब-स्टैंडर्ड, अनसेफ या मिसब्रांडेड पाए गए तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। खाद्य विभाग का अभियान अभी थमने वाला नहीं है। त्योहारों के बीच दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी और तेल पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यानी मिलावटखोरों के लिए सरकार का संदेश साफ है—त्योहार जनता के लिए हैं, मिलावटखोरों के मुनाफे के लिए नहीं।

Advertisement

ये भी पढ़ें- Delhi-NCR Rains: भारी बारिश से दिल्ली-एनसीआर में हवाई सेवाएं प्रभावित, कई उड़ानें डायवर्ट; एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
 

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड