VIRAL: 'हेलो DM अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, हमारी...', नन्ही बच्ची की गुहार सुन जब दौड़े-दौड़े गांव पहुंचे डीएम अंजनी कुमार, क्या है माजरा?
Viral Video: यूपी के लखीमपुर खीरी में पहली क्लास की छात्रा का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बच्ची ने डीएम से सड़क बनवाने की अपील की। उसकी ये मासूम गुहार जिलाधिकारी तक पहुंच गई और इसके बाद वे खुद उसने मिलने पहुंचे।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Viral Video: कुछ गुहारें इतनी मासूम होती हैं कि वो किसी के भी दिल को पिघला देती हैं। यूपी के लखीमपुर खीरी में यही हुआ, जब पहली क्लास में पढ़ने वाली छोटी-सी मानवी ने जिलाधिकारी से सड़क बनाने की अपील कर दी। नन्ही बच्ची की गुहार सुन डीएम साहब भी खुद को रोक नहीं पाए। वे फौरन उस बच्ची से मिलने पहुंच गए। डीएम अंजनी सिंह ने बच्ची के घर पहुंचकर उसे चॉकलेट दी और वादा किया कि उसके घर के पास वाली सड़क जल्द ही बन जाएगी।
जलभराव की समस्या से परेशान थे लोग
मामला लखीमपुर खीरी के सलेमपुर कोन इलाके का है। यहां जलभराव की समस्या अक्सर ही लोगों को परेशान करती है। स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से जाना पड़ता था।
बच्ची की ‘मासूम’ गुहार का वीडियो हुआ वायरल
मानवी भी रोज इसी रास्ते से स्कूल जाती थी। एक दिन अपनी इस समस्या के बारे में उसने वीडियो बनाकर डीएम से मदद की गुहार लगाई। वीडियो में मानवी स्कूल यूनिफॉर्म में खड़ी नजर आ रही है। वे बड़े ही प्यार से कहती हैं, "हेलो, डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हो। हमारी भी सड़क बनवा दीजिए। हमें आने-जाने की दिक्कत होती है।" वीडियो में मानवी के पीछे सड़क पानी में डूबी नजर आ रही है।
बच्ची से मिलने पहुंच गए जिलाधिकारी
बच्ची की डीएम से इस मासूम गुहार का वीडियो सोशल मीडिया पर देखते ही देखते वायरल होने लगा, जो जिलाधिकारी तक पहुंच गया। वीडियो पर 'डीएम अंकल' ने तत्काल संज्ञान लिया और जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवी से मिलकर उसे जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
Advertisement
डीएम अंजनी कुमार ने निरीक्षण के दौरान पाया कि खड़ंजा नीचे धंसने की वजह से नई कॉलोनी में पानी भर रहा है। उन्होंने लोगों से सही तरीके से नक्शा पास करवाकर निर्माण कराने की अपील की। साथ ही डीएम ने अधिकारियों को एक-दो दिन के अंदर जलभराव की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार डीएम अंजनी कुमार सिंह के आदेश के 24 घंटे के अंदर ही सड़क पर काम शुरू हो गया है। गड्ढों में मिट्टी भरवाई जा रही है। साथ ही ईंट लगाकर सड़क को भी ऊंचा किया जा रहा है।