क्या कुरान लेकर अंतरिक्ष गई थीं एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स? सोशल मीडिया पर जमकर हो रही चर्चा- Fact Check
NASA एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स को लेकर दावा किया जा रहा है कि वो अपने साथ अंतरिक्ष में कुरान लेकर गईं थीं। गुजराती अखबार की कटिंग वायरल हो रही है। क्या है सच?
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Sunita Williams News: भारतीय मूल की NASA एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स की 9 महीने बाद धरती पर वापसी हुई है। वो महज 8 दिनों के लिए अंतरिक्ष गईं थी। धरती पर लौटने के बाद एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने पहली बार मगंलवार को मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कई अलग-अलग सवालों के जवाब दिए। उन्होंने ये भी बताया कि अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखता है।
इस बीच एक गुजराती अखबार की कटिंग का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स अपने साथ कुरान लेकर गई थीं। जिससे उन्हें प्रेरणा मिलती थी। इसमें आगे बताया गया है कि विलियम्स ने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया है। इसमें यह भी दावा किया जा रहा है कि जब उनका खाना और पानी खत्म हो रहा था, तो उन्होंने पूरी कुरान को पढ़ा और मुस्लिमों के उपवास के महीने रमजान के बारे में सोचा।
क्या सच है यह दावा?
रिपब्लिक भारत ने वायरल हो रहे इस दावे का सच जानने की ठानी। हमने सच्चाई जाने के लिए पहले Google पर अलग-अलग कीवर्ड सर्च किए, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली। इसके बाद NASA की वेबसाइट को खंगाला, वहां भी ऐसा कुछ नहीं मिला, जो इस दावे का समर्थन करता हो। इसके बाद अंतरिक्ष में रहते सुनीता विलियम्स के अलग-अलग टेलीविजन और मीडिया आउटलेट्स को दिए गए इंटरव्यू की जांच की, लेकिन इसमें भी उन्होंने रमजान या कुरान के बारे में कुछ नहीं बताया। लिहाजा हमारी पड़ताल में यह दावा गलत है कि सुनीता विलियम्स अपने साथ अंतरिक्ष में कुराना लेकर गईं थीं।
गणेश जी की मूर्ति लेकर गई थीं सुनीता
18 मार्च को सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से वापसी पर रिपब्लिक से बातचीत करते हुए उनकी कजिन फाल्गुनी पांड्या ने बताया था कि उनकी बहन बहुत ही आध्यात्मिक हैं। वह ईश्वर में विश्वास करती हैं और भगवान गणेश को मानती हैं। स्पेश स्टेशन पर वो गणेश जी की मूर्ति साथ लेकर गई थी, उसे पूरे 9 महीने अपने साथ रखा। गणेश जी हमेशा उसके साथ रहे हैं। वो पहले भी अपनी अंतरिक्ष यात्रा के दौरान भगवद्ग गीता, शिव और ओम लेकर गई हैं।
Advertisement
इसके अलावा, 2013 में सुनीता विलियम्स ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया था कि वह 2012 में अपने साथ अंतरिक्ष में भगवान गणेश जी की मूर्ति, भगवद गीता और उपनिषद लेकर गईं थीं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उन्होंने कुरान का कोई जिक्र नहीं किया था।
अंतरिक्ष से कैसा दिखता है भारत?
मगंलवार को जब एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स मीडिया से बातचीत कर रही थीं, तो उनसे पूछा गया कि जब वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में थीं तो वहां से भारत कैसा दिखता था? तो इसपर उन्होंने कहा कि भारत अद्भुत है। हम जब भी हिमालय के ऊपर से गुजरे हर बार बुच ने अविश्वसनीय तस्वीरें खीचीं। अंतरिक्ष से हिमालय का नजारा शानदार है। ऐसा लगता था मानो लहरें उठ रही हों और भारत में नीचे की ओर बह रही हों। उन्होंने कहा कि भारत के बहुत सारे रंग हैं।