Viral: गले में 10 फीट का जहरीला कोबरा... बिहार की इस 'स्नेक लेडी' का वीडियो देख दहल जाएगा दिल
बिहार के पश्चिम चंपारण की जांबाज 'स्नेक कैचर' जानकी देवी एक बार फिर अपनी बहादुरी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए एक बेहद खतरनाक और करीब 10 फीट लंबे विशालकाय किंग कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू किया। हालांकि, इस बेहद जोखिम भरे ऑपरेशन के दौरान सांप ने उन्हें डंस लिया।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Bihar Snake Lady Video: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद हैरान और साहसिक कर देने वाली खबर सामने आई है। सैकड़ों जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाने वाली जांबाज महिला स्नेक कैचर, जानकी देवी खुद एक खतरनाक किंग कोबरा के डंक का शिकार हो गईं। यह घटना वाल्मीकिनगर पंचायत के बिसहा गांव (बगीचा टोला) की है, जहां रहने वाली जानकी देवी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए एक बार फिर बहादुरी की मिसाल पेश की। हालांकि, इलाज के बाद राहत की बात यह है कि अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
घर में घुसा था 10 फीट लंबा किंग कोबरा
यह पूरी घटना बुधवार शाम की है। हाथी मलखनता के रहने वाले मुनिलाल तिवारी के घर में पास के जंगल से भटककर एक विशालकाय किंग कोबरा घुस गया था। अचानक घर के भीतर से सांप की तेज फुंफकार सुनाई देने लगी, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। डर के मारे लोग घर से बाहर भागने लगे और शोर सुनकर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत क्षेत्र की मशहूर स्नेक कैचर जानकी देवी को फोन किया।
कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा, लेकिन ढीली हुई पकड़
सूचना मिलते ही जानकी देवी बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंच गईं। लगभग 10 फीट लंबे जहरीले किंग कोबरा को देखकर भी वह जरा भी नहीं घबराईं। उन्होंने अपनी सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित काबू में कर लिया। इसके बाद वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया।
हादसा तब हुआ जब जानकी देवी सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए छह आरडी की तरफ ले जा रही थीं। इसी दौरान अचानक हाथ से कोबरा की पकड़ थोड़ी ढीली हो गई और मौका पाकर जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया। सांप के काटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत नेपाल के त्रिवेणी स्थित सर्पदंश उपचार केंद्र में भर्ती कराया।
Advertisement
सैकड़ों सांपों का कर चुकी हैं रेस्क्यू
इलाके में जानकी देवी को सांप पकड़ने में महारत हासिल है। वह अब तक सैकड़ों विषैले सांपों का रेस्क्यू कर चुकी हैं। इस साहसिक सफर में वह करीब चार बार सांप का शिकार हो चुकी हैं, लेकिन अपनी मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर हर बार मौत को मात देकर लौटी हैं। अब उनकी इस विरासत को उनका बेटा चंद्रमोहन कुमार भी आगे बढ़ा रहा है, जो हर रेस्क्यू में अपनी मां का पूरा साथ देता है।