Whirlpool ने लॉन्च किए No Tension Refrigerators, बर्फ जमने पर डीफ्रॉस्ट करने से अब मिलेगी मुक्ति, जानिए इस नई टेक्नोलॉजी को
Whirlpool ने भारत में ‘No Tension Refrigerators’ लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने अपनी VitamagicPro और IMPRO PLUS की नई सिंगल डोर रेफ्रिजरेटर रेंज बाजार में उतारी है।
- टेक्नोलॉजी न्यूज
- 3 min read

Whirlpool Refrigerators: गर्मियों में फ्रिज का इस्तेमाल बहुत ज्यादा हो जाता है। इस कारण फ्रिज का तापमान बढ़ाना पढ़ता है। लेकिन इससे सिंगल डोर फ्रिज के फ्रीजर में काफी बर्फ जमने की समस्या उत्पन्न होने लगती है जिससे रेफ्रिजरेटर को जल्दी जल्दी डीफ्रॉस्ट करना पड़ता है। जैसे कि आप जानते हैं कि डीफ़्रॉस्ट की प्रक्रिया में बहुत लंबा समय लगता है जिससे आपका काफी समय खराब हो जाता है। लेकिन अब आपकी इस समस्या को खत्म करने के लिए अमेरिकी कंपनी Whirlpool ने भारत में ‘No Tension Refrigerators’ लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने अपनी VitamagicPro और IMPRO PLUS की नई सिंगल डोर रेफ्रिजरेटर रेंज बाजार में उतारी है।
क्या है इस नई रेंज में
Whirlpool VitamagicPro और IMPRO PLUS रेंज में कंपनी के नए सिंगल डोर रेफ्रिजरेटर आए हैं। कंपनी ने इस रेंज में ऑटोमैटिक डीफ़्रॉस्ट रेफ्रिजरेटर का फीचर दिया है, जिससे अब सिंगल डोर फ्रिज में भी बर्फ जमने पर मैनुअल डीफ़्रॉस्टिंग की परेशानी खत्म होगी।
अभी तक सिंगल डोर फ्रिज में बर्फ जमने पर उपभोक्ताओं को बड़ी परेशानी होती है। इस समस्या के उत्पन्न होने पर मैनुअल डीफ़्रॉस्टिंग करनी पड़ती है। फ्रीजर में बहुत ज्यादा बर्फ जमने पर कभी कभी रेफ्रिजरेटर को बंद भी करना पड़ जाता है। इसके लिए फ्रिज में रखी सभी चीजों को बाहर निकालना, बर्फ पिघलने का इंतजार करना और पानी फैलने की समस्या का सामना करना पड़ता है। घंटों की यह प्रक्रिया काफी तनाव भरी होती है।
व्हर्लपूल ने अपनी नई रेंज के फ्रिज में 6th Sense IntelliFrost Technology दी है। इससे यह रेफ्रिजरेटर बर्फ जमने का पता लगाता रहता है और अधिक बर्फ जमते ही यह अपने आप डीफ़्रॉस्टिंग प्रक्रिया शुरू कर देता है। इससे फ्रिज अंदर से साफ भी रहता है और मैनुअल डीफ़्रॉस्ट की लंबी प्रक्रिया से भी मुक्ति मिलती है।
Advertisement
स्मार्ट कूलिंग मोड का फीचर भी है
इन रेफ्रिजरेटर में स्मार्ट कूलिंग मोड शामिल हैं, जिनकी मदद से ग्राहक अपनी रोजाना की आदतों के हिसाब से कूलिंग परफ़ॉर्मेंस को आसानी से एडजस्ट कर सकते हैं। इसमें मौजूद FlexiCool फीचर की मदद से यूज़र रेफ्रिजरेटर की कूलिंग के लेवल को Low, Medium और High सेटिंग पर सेट कर सकते हैं।
तो वहीं Fast Forward Ice फीचर से 95 मिनट या 2 घंटे से भी कम समय में बर्फ जम जाती है। इसके अलावा Eco Mode फीचर भी दिया गया है, जिससे घर से बाहर रहने पर उपभोक्ताओं की बिजली खपत कम होगी।
Advertisement
खाना लंबे समय तक रहेगा ताजा
Whirlpool का दावा है कि फिज की इस नई रेंज में माइक्रोब्लॉक टेक्नोलॉजी दी गई है। यह तकनीक 99 प्रतिशत तक बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकती है, जिससे फ्रिज में सफाई बनी रहती है और खाना लंबे समय तक ताजा रहता है। IMPRO PLUS रेंज में 15 दिनों तक की ताजगी मिलती है, जबकि Vitamagic रेंज में 12 दिनों तक की ताजगी मिलती है। इससे घरों में फल और सब्ज़ियों को ज़्यादा समय तक स्टोर करके रखा जा सकता है।
इसके अलावा Vitamagic रेंज में Whirlpool की पेटेंटेड Zeolite Technology भी दी गई है। यह तकनीक फलों और सब्ज़ियों से निकलने वाली अतिरिक्त एथिलीन गैस को सोख लेती है। एथिलीन के लेवल को कंट्रोल करके यह तकनीक खाने की ताजगी बनाए रखने में मदद करती है और खाने में मौजूद विटामिन को 40 प्रतिशत ज्यादा समय तक सुरक्षित रखती है।
कीमत और उपलब्धता
Whirlpool Vitamagic और IMPRO PLUS वाली नई 'No Tension Refrigerators' रेंज 192 लीटर से लेकर 274 लीटर तक की क्षमता में उपलब्ध होगी। यह रेंज 2 स्टार से लेकर 5 स्टार तक की अलग-अलग एनर्जी रेटिंग में देश के प्रमुख रिटेल और ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध होगी। इनकी शुरुआती कीमत 17,700 रुपये है।