Whatsapp का इस्तेमाल करने के लिए देने होंगे पैसे? भारत में लॉन्च हुआ सब्सक्रिप्शन प्लान, हर महीने इतने रुपये करने होंगे खर्च

WhatsApp ने भारत में सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च कर दिया है। Meta अब अपने यूजर्स को ज्यादा पर्सनलाइज्ड अनुभव के लिए थोड़ा ज्यादा पैसे देने का विकल्प दे रहा है।

whatsapp
Whatsapp | Image: Reuters

WhatsApp को अब तक करोड़ों यूजर्स सिर्फ मैसेजिंग और कॉलिंग के लिए इस्तेमाल करते आए हैं, और यह हमेशा से मुफ्त रहा है। लेकिन मेटा ने अब इस ऐप में पहली बार एक पेड लेयर जोड़ दी है। कंपनी ने भारत में आधिकारिक तौर पर WhatsApp Plus नाम से एक नया सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू किया है, जिसकी कीमत ₹79 प्रति माह रखी गई है।

यह कदम मेटा की उस बड़ी रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत कंपनी फेसबुक और इंस्टाग्राम के बाद अब अपने सबसे लोकप्रिय ऐप को भी पेड फीचर्स से जोड़ रही है।

खास बात यह है कि यह कोई नया वर्जन नहीं है, बल्कि मौजूदा WhatsApp ऐप के अंदर ही एक ऐड-ऑन की तरह काम करता है। कॉलिंग, स्टेटस, ग्रुप्स, मीडिया शेयरिंग और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन जैसी सारी सुविधाएं पहले की तरह मुफ्त बनी रहेंगी। मेटा ने साफ़ किया है कि यह सब्सक्रिप्शन सिर्फ दिखावट और कुछ अतिरिक्त सुविधाओं तक सीमित है, कोर मैसेजिंग अनुभव में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।

सब्सक्रिप्शन में क्या मिलेगा?

सब्सक्रिप्शन के साथ सबसे पहला बदलाव दिखता है ऐप के रंग-रूप में। यूजर्स को 18 नए कलर थीम चुनने का विकल्प मिलता है, जिनमें वाइब्रेंट ब्लू और रॉयल पर्पल से लेकर फॉरेस्ट ग्रीन और फ्यूशिया पिंक तक शामिल हैं। एक बार थीम चुन लेने के बाद यह बदलाव पूरे ऐप में नजर आता है, यानी चैट बबल हों या टैब्स, सब जगह WhatsApp का जाना-पहचाना हरा रंग नए लुक में बदल जाता है। इसी के साथ होम स्क्रीन आइकन को भी कस्टमाइज किया जा सकता है। यूजर्स के पास 14 नए आइकन डिजाइन का विकल्प है, जिनमें कुछ बेहद सिंपल और मिनिमल हैं तो कुछ ज्यादा आर्टिस्टिक अंदाज में बनाए गए हैं।

Advertisement

विजुअल बदलावों के अलावा कंपनी ने साउंड एक्सपीरियंस पर भी ध्यान दिया है। सब्सक्राइबर्स को 10 खास रिंगटोन मिलती हैं, जिनके नाम सुनने में भी काफी अलग लगते हैं, जैसे फ्लटर, रिपल, मीडो और कार्निवल। इससे यूजर्स अपने फोन में आने वाली WhatsApp कॉल्स को बाकी नोटिफिकेशन से आसानी से अलग पहचान पाएंगे। इसके साथ ही एक्सक्लूसिव स्टिकर पैक भी प्लान का हिस्सा हैं, जो सिर्फ Plus सब्सक्राइबर्स के लिए ही उपलब्ध रहेंगे।

रोजमर्रा के इस्तेमाल को आसान बनाने के लिहाज से चैट मैनेजमेंट में भी अहम बदलाव किया गया है। आम तौर पर फ्री यूजर्स सीमित संख्या में ही चैट पिन कर पाते हैं, लेकिन Plus सब्सक्राइबर्स अब अपनी चैट लिस्ट में 20 चैट तक ऊपर पिन रख सकते हैं। जो लोग दिनभर कई जरूरी बातचीत एक साथ मैनेज करते हैं, चाहे वह ऑफिस से जुड़ी हो या पर्सनल, उनके लिए यह फीचर काफी काम का साबित हो सकता है। इसके अलावा चैट लिस्ट को अपनी सुविधा के हिसाब से व्यवस्थित और कस्टमाइज करने के भी ज्यादा विकल्प दिए गए हैं।

Advertisement

कैसे लें सब्सक्रिप्शन?

सब्सक्रिप्शन लेने का तरीका भी बेहद सीधा रखा गया है। WhatsApp खोलकर सेटिंग्स में जाना होगा, वहां से सब्सक्रिप्शन सेक्शन में WhatsApp Plus का विकल्प चुनकर आगे बढ़ना होगा। पेमेंट कन्फर्मेशन के बाद यह गूगल प्ले स्टोर के जरिए प्रोसेस होता है और प्लान एक्टिव होते ही यूजर को नोटिफिकेशन मिल जाता है। अगर किसी के अकाउंट में अभी यह विकल्प नजर नहीं आ रहा, तो घबराने की जरूरत नहीं, क्योंकि मेटा इसे नए तरीके से अलग-अलग डिवाइस और अकाउंट तक पहुंचा रहा है, ऐसे में कुछ दिनों बाद दोबारा चेक करना बेहतर रहेगा। नए सब्सक्राइबर्स को राहत की बात यह है कि पहला महीना पूरी तरह फ्री रखा गया है, उसके बाद ही ₹79 का चार्ज लागू होगा।

अब सवाल यह उठता है कि क्या यह सब्सक्रिप्शन लेने लायक है। इसका जवाब काफी हद तक इस बात पर टिका है कि कोई व्यक्ति अपने रोज के इस्तेमाल वाले ऐप को कितना पर्सनलाइज करना चाहता है। जो लोग दिनभर WhatsApp पर एक्टिव रहते हैं और चाहते हैं कि ऐप उनकी पसंद के हिसाब से दिखे और सुनाई दे, उनके लिए ₹79 की यह कीमत ज्यादा बोझिल नहीं लगेगी। वहीं जो लोग WhatsApp के मौजूदा अंदाज से पूरी तरह संतुष्ट हैं, उनके लिए इसमें कोई ऐसी जरूरी चीज नहीं है जिसके बिना उनका काम अटक जाए। यानी यह सब्सक्रिप्शन जरूरत नहीं, बल्कि एक चॉइस है, जिसे लेना या न लेना पूरी तरह यूजर की अपनी प्राथमिकता पर निर्भर करता है।

ये भी पढ़ेंः 'शिवपाल ने कहा था सपा चोरों और माफियाओं की पार्टी बन गई', राजभर का दावा

Published By:
 Kunal Verma
पब्लिश्ड