RCB के दूसरी बार WPL चैंपियन बनने पर फूले नहीं समा रहे विराट कोहली, स्मृति मंधाना से बोले- टीम का झंडा बुलंद रखा
Virat Kohli on RCB Victory: स्मृति मंधाना की कप्तानी में RCB ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से करारी शिकस्त देते हुए दूसरी बार विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब अपने नाम कर लिया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Virat Kohli on RCB Victory: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। स्मृति मंधाना की कप्तानी में गुरुवार को RCB ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से करारी शिकस्त देते हुए दूसरी बार विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब अपने नाम कर लिया है। RCB के चैंपियन बनने पर अब विराट कोहली ने टीम को बधाई दी है।
इस फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान स्मृति मंधाना ने अपने बल्ले का जादू चलाते हुए 41 गेंद में शानदार 87 रनों की पारी खेली थी। वहीं, जॉर्जिया वोल ने उनके साथ मिलकर 165 रनों की साझेदारी में 54 गेंदों में 79 रन बनाए थे। अब उनकी बदौलत RCB ने दूसरी बार WPL की ट्रॉफी उठा ली है।
विराट कोहली ने RCB टीम को दी बधाई
अब RCB के किंग विराट कोहली ने वीमेन टीम को इस ऐतिहासिक जीत के लिए सोशल मीडिया के जरिए विश किया है। उन्होंने WPL की ट्रॉफी उठाते हुए वीमेन RCB टीम की एक फोटो शेयर की है जिसके साथ वो कैप्शन में लिखते हैं-
“हम फिर से चैंपियन बन गए। आप लोगों ने RCB का झंडा बुलंद रखा है और यह एक ऐसी उपलब्धि है जिस पर आप सभी को गर्व होगा। स्मृति मंधाना, पूरी टीम और मैनेजमेंट टीम को इस शानदार जीत के लिए हार्दिक बधाई। आप सभी इस जीत के हकदार हैं। इस पल का लुत्फ उठाएं और अपने प्यारे फैंस के प्यार को महसूस करें”।
विराट कोहली की पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर WPL चैंपियन की फोटो शेयर करते हुए लिखा है- RCB की महिलाओं ने फिर कर दिखाया। एक बार फिर से इतिहास रच दिया।
Advertisement
RCB ने दिल्ली को हराते हुए जीता WPL का खिताब
बता दें कि पहले बल्लेबाजी करने दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स उतरी थीं। उनकी अर्धशतकीय पारी और चिनेले हेनरी की 15 गेंद में 35 रनों की तेज पारी के दम पर दिल्ली की टीम ने 4 विकेट पर 203 का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया था। RCB ने विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य 204 को छह विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया और दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम कर लिया है।