IND vs PAK: पाकिस्तान की टीम को भारत में खेलने की मंजूरी, खेल मंत्रालय ने दी हरी झंडी; एशिया कप में लेगी भाग
Hockey Asia Cup 2025 : खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने गुरुवार को बताया कि पाकिस्तान हॉकी टीम को अगले महीने होने वाले एशिया कप में भाग लेने से नहीं रोका जाएगा।
- खेल समाचार
- 2 min read

Hockey Asia Cup IND vs PAK : ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के रिश्ते बेहद तनावपूर्ण चल रहे हैं। बावजूद इसके पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम को अगले महीने होने वाले एशिया कप में खेलने से नहीं रोका जाएगा। इस बार हॉकी एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत कर रहा है। अभी तक पाकिस्तान हॉकी टीम को लेकर पेंच फंसा हुआ था, लेकिन भारतीय खेल मंत्रालय की तरफ से पाकिस्तान टीम को भारत आने के लिए हरी झंडी मिल गई है।
हॉकी एशिया कप 2025 में 8 टीमों को हिस्सा लेना है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय खेल मंत्रालय भारत में होने वाले किसी भी मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में किसी भी टीम के भाग लेने के खिलाफ नहीं हैं, बाइलेटरल टूर्नामेंट (Bilateral Tournament) का मामला अलग होता है। भारत में होने वाला पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट 27 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में खेला जाना है।
जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भी मंजूरी
खेल मंत्रालय के इस फैसले के बाद पाकिस्तान हॉकी टीम एशिया कप और जूनियर हॉकी विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए भारत आएगी। एशिया कम के बाद 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में जूनियर हॉकी विश्व कप होना है। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने पुष्टि की है कि इस टूर्नामेंट के लिए गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और खेल मंत्रालय ने आवश्यक मंजूरी दे दी है।
सूत्रों के अनुसार, अगर भारत पाकिस्तान की टीम को एशिया कम में भाग लेने की अनुमति नहीं देता है, तो उसे नुकसान हो सकता है। ऐसा होने पर पाकिस्तान 2036 ओलंपिक या 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का मौका खो सकता है।
Advertisement
एशिया कप क्रिकेट का भविष्य अनिश्चित
वहीं, एशिया कप क्रिकेट का भविष्य अभी भी अनिश्चित है। भारत एशिया कप के लिए नामित मेजबान है, लेकिन रिपोर्टों के अनुसार, एशियाई क्रिकेट परिषद ने टूर्नामेंट को संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित करने का फैसला किया है। कथित तौर पर ACC ने BCCI को एक पत्र भेजकर उनसे जल्द से जल्द कार्यक्रम को अंतिम रूप देने का अनुरोध किया है। एशिया कप 5 सितंबर को शुरू होने की संभावना है, जिसका फाइनल मुकाबला 21 सितंबर को होने की उम्मीद है। भारत ने 2008 के एशिया कप के बाद से पाकिस्तान की यात्रा नहीं की है और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भी हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई थी।