IND vs PAK Hockey: आज हॉकी वर्ल्ड कप में आमने-सामने भारत और पाकिस्तान, आंकड़ों में इंडिया का पलड़ा भारी; कब और कहां देखें LIVE
FIH पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला आज बुधवार, 19 अगस्त को एम्स्टेलेवीन के वेगेनेर स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए जान लेते हैं कि कब और कहां देखें LIVE मैच।
- खेल समाचार
- 3 min read

IND vs PAK Hockey: भारत आज, बुधवार (19 अगस्त) को FIH पुरुष हॉकी विश्व कप में अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए एकदम तैयार है। इस अहम मुकाबले में भारत एक बड़े मानसिक फायदे के साथ उतरेगा, क्योंकि पिछले 10 सालों में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए सभी टूर्नामेंट में भारत अजेय रहा है।
दुनिया भर की हॉकी में भारत-पाकिस्तान मुकाबले जैसा रोमांच और जज़्बात शायद ही किसी और मैच में देखने को मिलते हैं। आज FIH हॉकी विश्व कप 2026 में जब ये दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे, तो वैसा ही रोमांच देखने को मिलेगा। आइए जान लेते हैं भारत और पाकिस्तान का मैच कब और कहां देख सकते हैं।
भारत और पाकिस्तान मैच कब-कहां खेला जाएगा?
FIH पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला बुधवार, 19 अगस्त को एम्स्टेलेवीन के वेगेनेर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा।
भारत और पाकिस्तान मैच कहां Live देखें?
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर देखा जा सकता है। इसके अलावा, इस मुकाबले को आप जियोहॉटस्टार पर भी देख सकते हैं।
Advertisement
WC में भारत-पाकिस्तान कहां-कहां?
भारत अभी पूल D में तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है; उन्होंने वेल्स के खिलाफ़ 3-1 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी, लेकिन फिर इंग्लैंड से 2-4 से हार गए। वहीं, पाकिस्तान को अपने दो मैचों से एक अंक मिला है। वेल्स के खिलाफ उनका मैच ड्रॉ रहा और इंग्लैंड से उन्हें 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।
आंकड़ों में इंडिया का पलड़ा भारी
- पिछले 10 सालों में पाकिस्तान के ख़िलाफ भारत के नतीजे इस प्रकार रहे हैं।
- 2016: 5-1 से जीत (सुल्तान अज़लान शाह कप), दो बार 3-2 से जीत (एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी)
- 2017: 7-1 और 6-1 से जीत (FIH वर्ल्ड लीग), 3-1 और 4-0 से जीत (एशिया कप)
- 2018: 2-2 से ड्रॉ (कॉमनवेल्थ गेम्स 2018), 4-0 से जीत (एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी), 2-1 से जीत (एशियन गेम्स), 3-1 से जीत (एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी)
- 2021: 3-1 और 4-3 से जीत (एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी)
- 2022: 1-1 से ड्रॉ (एशिया कप)
- 2023: 4-0 से जीत (एशियन चैंपियंस ट्रॉफी), 10-2 से जीत (एशियन गेम्स)
- 2024: 2-1 से जीत (एशियन चैंपियंस ट्रॉफी)
- 2026: 4-3 और 7-1 से जीत (FIH प्रो लीग)