पेरिस ओलंपिक में मेडल से चूकने वाली विनेश फोगाट पर PM मोदी ने बोल दी बड़ी बात, 'वो फाइनल में...'
PM Modi on Vinesh Phogat: पीएम आवास पर ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान नरेंद्र मोदी ने विनेश फोगाट के बारे में क्या कहा?
- खेल समाचार
- 2 min read

PM Modi On Vinesh Phogat: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीटों से मुलाकात की। शुक्रवार को पीएम मोदी संग खिलाड़ियों के संवाद का वीडियो सामने आया है। भारतीय स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट को भले ही पेरिस ओलंपिक में जोरदार झटका लगा क्योंकि वो फाइनल तक पहुंचकर भी कोई मेडल नहीं जीत सकीं, लेकिन पीएम मोदी ने उनकी जमकर तारीफ की है।
बता दें कि विनेश फोगाट अभी भारत नहीं लौटी हैं इसलिए उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात नहीं की, लेकिन बाकी खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विनेश का जिक्र किया और उनकी प्रशंसा की।
विनेश फोगाट के बारे में क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम आवास पर ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान नरेंद्र मोदी ने कहा कि विनेश फोगाट ओलंपिक में फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय पहलवान बनीं, जो गर्व की बात है। बता दें कि फाइनल से पहले विनेश के अयोग्य घोषित होने के बाद भी पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए उनका हौसला बढ़ाया था।
पीएम मोदी ने अपने X अकाउंट पर लिखा था, ''विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज का झटका दुख देता है। काश शब्द उस निराशा की भावना को व्यक्त कर पाते जो मैं अनुभव कर रहा हूं। साथ ही, मैं जानता हूं कि चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। मजबूत होकर वापस आओ। हम सब आपके पक्ष में हैं।
Advertisement
पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट का सफर
पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश फोगाट की जिंदगी में 24 घंटे में काफी कुछ हो गया। एक दिन में उन्होंने तीन पहलवानों को चारों खाने चित्त कर फाइनल में जगह बनाई। इस दौरान उन्होंने दुनिया की नंबर-1 रेसलर को भी धूल चटाया। हालांकि, उनकी खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिकी क्योंकि फाइनल वाले सुबह जब उनका वजन किया गया तो उनका वेट 50 किलोग्राम से 100 ग्राम अधिक निकला और इसके कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।