Indian Hockey Team: भुवनेश्वर में बुधवार को रोड शो करेगी भारतीय हॉकी टीम
ओडिशा के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री सूर्यबंशी सूरज ने कहा कि राज्य पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के स्वागत के लिए तैयार है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Indian Hockey Team: ओडिशा के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री सूर्यबंशी सूरज ने कहा कि राज्य हाल ही में संपन्न पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के स्वागत के लिए तैयार है।
सूरज ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी बुधवार को यहां लोक सेवा भवन के ‘कन्वेंशन सेंटर’ में भारतीय हॉकी टीम के सदस्यों को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि ओलंपिक के नायकों के भव्य स्वागत की योजना बनाई गई है।
मंत्री ने कहा, ‘‘टीम कल दोपहर करीब 12 बजे ओडिशा पहुंचेगी और बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कलिंग स्टेडियम तक रोड शो करेगी। बाद में, टीम को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।’’ पुरुष और महिला दोनों भारतीय हॉकी टीम की आधिकारिक प्रायोजक ओडिशा सरकार ने पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
सूरज ने कहा कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने लगातार दूसरा ओलंपिक पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। पुरुष हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता। ओडिशा 2018 से हॉकी टीम को प्रायोजित कर रहा है जब खेल आर्थिक रूप से संघर्ष कर रहा था।
Advertisement
पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अगुआई वाली बीजू जनता दल की पिछली सरकार ने टीम का उस समय समर्थन किया था जब उसे प्रायोजक की सख्त जरूरत थी। राज्य सरकार 2036 तक टीम का समर्थन करेगी जो खेल का लंबे समय तक समर्थन करने की उसकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।