'विनेश फोगाट को भारत रत्न नहीं मिला तो...' खाप पंचायत ने कर दी बड़ी मांग, पक्ष में रखी 7 डिमांड
हरियाणा के खाप पंचायत विनेश फोगाट के समर्थन में उतरे और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। उन्होंने विनेश के वजन बढ़ने के पीछे जांच कराने की मांग की।
- खेल समाचार
- 3 min read

Khap Panchayat on Vinesh Phogat: पेरिस ओलंपिक 2024 में मेडल नहीं जीतने के बावजूद भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया। हरियाणा की बेटी को अब देश का सर्वोच्च पुरस्कार भारत रत्न सम्मान देने की मांग उठी है। राज्य के कई खाप पंचायत विनेश फोगाट के समर्थन में उतरे और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग रखी।
दरअसल, पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल में पहुंचने के बावजूद विनेश फोगाट को 50 किग्रा से 100 ग्राम अधिक वजन होने के चलते डिसक्वालीफाई कर दिया गया। उनका सिल्वर मेडल कन्फर्म था लेकिन अयोग्य घोषित होने के बाद उन्हें पदक नहीं मिला। विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल मिलेगा या नहीं इसपर CAS के फैसले का इंतजार है, लेकिन इससे पहले हरियाणा के कई खाप पंचायत ने स्टार महिला रेसलर को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठाई है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वो इसके लिए आंदोलन कर सकते हैं।
विनेश फोगाट को मिले भारत रत्न: खाप पंचायत
सांगवान खाप के प्रमुख सोमबीर सांगवान का बयान तब आया जब कई खापों ने विनेश फोगाट के लिए 'न्याय' मांगने के लिए हरियाणा के चरखी दादरी में 'सर्व खाप महापंचायत' आयोजित की और उनसे अपने रिटायरमेंट के फैसले की समीक्षा करने का आग्रह किया।
सांगवान ने कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से कहा, ''घटना की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवारत न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए। उन्हें न्याय मिलना चाहिए। हमें ये भी जानना होगा कि उनका वजन अचानक कैसे बढ़ गया। उनके साथ कई लोग गए थे और यह सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी थी कि उनका वजन न बढ़े।''
Advertisement
इस बीच, खाप नेता सांगवान ने भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट के लिए देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न की भी मांग की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उन्हें वे सुविधाएं मिलनी चाहिए जो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता को मिलती हैं। बता दें कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि फोगाट को 'एक गोल्ड मेडलिस्ट की तरह' सम्मानित किया जाएगा। विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल मिलेगा या नहीं इसका फैसला 13 अगस्त (आज) होगा। खेल पंचाट (CAS) भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे इस मामले को लेकर अपना निर्णय सुना सकता है।