'मेरा वजन 100 ग्राम बढ़ा क्योंकि...' विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा, CAS के सामने बता दिया असली सच
Vinesh Phogat Case: भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने फाइनल से पहले 100 ग्राम वजन बढ़ने के पीछे की बड़ी वजह बताई है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Vinesh Phogat Case Latest Updates: पेरिस ओलंपिक 2024 का सफर भले ही समाप्त हो चुका है, लेकिन करोड़ों भारतीय फैंस की नजर अभी भी उस एक फैसले पर टिकी है जिससे ये पता चल जाएगा कि भारत की झोली में एक और मेडल जुड़ेंगे या नहीं। स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने ओलंपिक 2024 के फाइनल से पहले अयोग्य घोषित होने के बाद खेल पंचाट में गुहार लगाई है। अब इस मामले पर सुनवाई चल रही है और इस बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है।
विनेश फोगाट ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) के सामने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फाइनल से पहले आखिर उनका वजन कैसे बढ़ा। भारतीय पहलवान को महिलाओं की 50 किग्रा फ्रीस्टाइल में सुबह के वेट-इन में 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण गोल्ड मेडल मैच से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फैसले को चुनौती देने के लिए अपील दायर की है। शुक्रवार को करीब 3 घंटे तक चली सुनवाई के दौरान विनेश फोगाट ने अत्यधिक वजन बढ़ने के पीछे वजह बताई।
भारत के दिग्गज वकीलों में से एक हरीश साल्वे ने विनेश फोगाट की तरफ से पक्ष रखा। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय पक्ष ने तर्क दिया कि चैंप डे मार्स एरेना (प्रतियोगिता स्थल) और एथलीट विलेज के बीच की दूरी और मुकाबलों के बीच व्यस्त कार्यक्रम के कारण विनेश फोगाट अनुमेय वजन सीमा के भीतर नहीं रहीं।
Advertisement
बता दें कि विनेश फोगाट ने फाइनल से पहले पूरी रात जागकर वजन कम करने के लिए जॉगिंग और स्किपिंग की। उनके सहायक कर्मचारी उनके बाल काटने और खून निकालने की हद तक भी गए। हालांकि, इन सब के बावजूद विनेश फोगाट का वजन सुबह में अनुमत सीमा से 100 ग्राम अधिक पाया गया।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि विनेश की टीम ने तर्क दिया कि 100 ग्राम अतिरिक्त वजन से उसे कोई प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त नहीं मिलेगी और यह 'क्लासिक और आवश्यक पुनर्प्राप्ति प्रक्रिया' का परिणाम था।
Advertisement
विनेश फोगाट के वकील ने कहा, ''100 ग्राम की अधिकता बेहद नगण्य है (एथलीट के वजन का लगभग 0.1 से 0.2 प्रतिशत) और गर्मी के मौसम के दौरान मानव शरीर की सूजन के कारण आसानी से हो सकता है, क्योंकि वैज्ञानिक रूप से जीवित रहने के उद्देश्यों के लिए गर्मी मानव शरीर को अधिक पानी बनाए रखती है। यह मांसपेशियों में वृद्धि के कारण भी हो सकता है क्योंकि एथलीट ने एक ही दिन में तीन बार प्रतिस्पर्धा की थी।''
विनेश फोगाट पर कब आएगा फैसला?
बता दें कि CAS ने पहले कहा था कि भारतीय पहलवान विनेश फोगाट पर फैसला पेरिस ओलंपिक 2024 के समापन से पहले ही आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। ताजा जानकारी के अनुसार सीएएस 13 अगस्त को विनेश की याचिका पर अपना अंतिम फैसला सुनाएगा।