बर्तन धुलवाए, टॉयलेट साफ करना पड़ा...पाकिस्तानी टीम की ऑस्ट्रेलिया में हुई बेइज्जती, होटल भी नहीं था बुक तो लोगों ने चंदा देकर की मदद
पाकिस्तान की नेशनल हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान टीम के साथ हुए दुर्व्यवहार और खराब मैनेजमेंट को लेकर सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
- खेल समाचार
- 3 min read

पाकिस्तान की नेशनल हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान टीम के साथ हुए दुर्व्यवहार और खराब मैनेजमेंट को लेकर सनसनीखेज खुलासे किए हैं। बुधवार को लाहौर एयरपोर्ट पर लैंड करते ही अम्माद शकील बट ने फेडरेशन पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन उनसे झूठ बोल रहा था। उनका कहना है कि खिलाड़ियों को मैच खेलने से पहले बर्तन तक मांजने पड़े और कई घंटों तक सड़कों पर भटकना पड़ा।
आपको बता दें कि पाकिस्तान की हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग खेलने के लिए कैनबरा गई थी। बट ने कहा, ‘‘हम महासंघ के मौजूदा प्रबंधन के रहते हुए खेलना जारी नहीं रख सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले वॉशरूम साफ करना पड़े, रसोई साफ करना पड़े और बर्तन धोने पड़ें तो आप हमसे कैसे अच्छे परिणाम की उम्मीद कर सकते हैं।''
खिलाड़ियों के लिए बुक नहीं था होटल
कैनबरा पहुंचने के बाद पाकिस्तानी टीम के पास होटल नहीं था क्योंकि पीएचएफ ने भुगतान नहीं किया था। लाहौर से आस्ट्रेलिया का 24 घंटे का सफर तय करने के बाद खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ चार सितारा होटल पहुंचे जहां उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर कोई बुकिंग नहीं है। खिलाड़ियों को अपने लगैज के साथ कैनबरा में होटल के बाहर लंबा इंतजार करना पड़ा जिसके बाद कैनबरा में रहने वाले पाकिस्तानियों ने सस्ते एयरबीएनबी होटल का इंतजाम किया। अगले दिन पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया से पहला मैच हार गया।
Advertisement
साफ कराए गए वॉशरूम और बर्तन
कप्तान अम्माद बट ने बताया कि खिलाड़ियों को मैदान पर उतरने से पहले किचन की सफाई, बर्तन धोना और यहां तक कि टॉयलेट रगड़ने के लिए मजबूर किया गया। टीम को बताया गया कि उन्हें अपने तीन वक्त का खाना महज 115 डॉलर के दैनिक भत्ते में मैनेज करना होगा। अम्माद ने कहा कि मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को मानसिक रोगी बना दिया है। उन्होंने ताहिर जमां और अन्य अधिकारियों के बयानों को झूठ का पुलिंदा करार दिया।
Advertisement
इस पूरे विवाद के बीच Pakistan Sports Board ने पुष्टि की है कि उसने टीम के होटल इंतजाम के लिए PHF को 10 मिलियन पाकिस्तानी रुपये से अधिक की राशि जारी की थी। PSB के महानिदेशक नूर उस सबा ने कहा है कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रधानमंत्री को सौंपी जाएगी। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, जो PHF के पैट्रन-इन-चीफ भी हैं, ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं।
कप्तान बट ने यह भी कहा कि यदि पाकिस्तान हॉकी को आगे बढ़ना है तो विदेशी कोच और बेहतर प्रबंधन की जरूरत है। बट ने कहा, 'हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है, लेकिन सही दिशा और पेशेवर प्रबंधन के बिना आगे बढ़ना मुश्किल है।'