Neeraj Chopra: भारत को बड़ा झटका; 2026 एशियन गेम्स से पहले नीरज चोपड़ा चोट के कारण हुए बाहर

Neeraj Chopra: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा टखने के लिगामेंट में चोट के कारण 2026 एशियन गेम्स में नहीं खेल पाएंगे। डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने यह फैसला किया।

Neeraj Chopra
2026 एशियन गेम्स से पहले नीरज चोपड़ा चोट के कारण हुए बाहर | Image: AP

Neeraj Chopra: शनिवार, 29 अगस्त को भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा को लेकर फैंस के लिए एक बुरी खबर आई है। इंजरी ने नीरज चोपड़ा को बड़ा झटका दिया, जिसके चलते वो 2026 एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं।

नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी इंजरी और बाकी सीजन से बाहर होने की जानकारी दी। नीरज के 2026 एशियन गेम्स से बाहर होने पर भारत को भी बड़ा झटका लगा है, क्योंकि फैंस को उम्मीद थी कि 2026 एशियन गेम्स में वो भारत के लिए जरूर मेडल जीतते, पर अब ऐसा नहीं हो पाएगा।

नीरज चोपड़ा ने पोस्ट में क्या कहा?

नीरज चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट पर लिखा "कड़ी मेहनत के बाद मुझे आखिरकार लगा कि लॉज़ेन में सीजन का सबसे अच्छा थ्रो करके मैं वह मोमेंटम हासिल कर रहा था जिसकी मुझे तलाश थी। दुर्भाग्य से कुछ ही समय बाद, ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने में लिगामेंट टियर हो गया। अपने डॉक्टर और टीम से बातचीत के बाद, हमने फैसला किया है कि मैं इस बाकी सीजन से बाहर रहूंगा।"

आगे उन्होंने लिखा 'यह निराशाजनक है। खासकर इसलिए, क्योंकि मुझे लगा कि मैं अपनी रिदम पाने के करीब था। लेकिन जैसा कि कहते हैं, मुश्किलें सफर का हिस्सा होती हैं। मेरा ध्यान अब अच्छी तरह से ठीक होने और भी मजबूत होकर लौटने पर है। प्यार और सपोर्ट के लिए आप सभी का धन्यवाद।'

Advertisement

डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन

नीरज चोपड़ा लॉज़ेन डायमंड लीग में 88.05m के सीजन-बेस्ट थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे और टॉप स्पॉट से सिर्फ़ नौ सेंटीमीटर से चूक गए। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरगे ने अपना शानदार 2026 कैंपेन जारी रखा और 88.14m की कोशिश के साथ इवेंट जीता था। लॉज़ेन से पहले, चोपड़ा ने 2026 में सिर्फ दो इवेंट में हिस्सा लिया था। दोहा डायमंड लीग में चौथे और कॉमनवेल्थ गेम्स में दूसरे स्थान पर थे।

पिछले एशियन गेम्स में जीता था मेडल

बता दें कि पिछले यानी 2023 के एशियाई खेलों में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीता था। चीन के हांगझोऊ में हुई प्रतियोगिता में नीरज ने 88.88 मीटर का थ्रो करने अपने देश के लिए मेडल जीता था। ऐसे में अब 2026 एशियन गेम्स से उनका बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Advertisement

ये भी पढ़ें: एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप जिताया, कभी नहीं सोचा था ऐसा होगा, अंदर से बहुत दुखी हुआ, कप्तानी छीने जाने पर पहली बार बोले सूर्यकुमार यादव
 

Published By:
 Sahitya Maurya
पब्लिश्ड