अपडेटेड 12 March 2025 at 21:11 IST
रोहित शर्मा फिर बनेंगे मुंबई इंडियंस के कप्तान? हार्दिक पांड्या पर लगा बैन, IPL 2025 में होगा बड़ा बदलाव!
IPL 2025: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या आईपीएल 2025 का पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे क्योंकि उनपर एक मैच का प्रतिबंध लगा हुआ है।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (Champions Trophy 2025) में टीम इंडिया (Team India) के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद फैंस थोड़ा मायूस हैं। इस मायूसी के पीछे की वजह ये है कि भारतीय सितारे फिलहाल क्रिकेट एक्शन से थोड़ा दूर हैं। हालांकि फैंस का इंतजार बहुत जल्द खत्म होने वाला है। 22 मार्च से 'क्रिकेट का त्योहार' शुरू होने वाला है। जी हां, हम बात कर रहे हैं आईपीएल 2025 की, जिसमें सिर्फ टीम इंडिया के ही नहीं बल्कि दुनियाभर के स्टार खिलाड़ी धमाल मचाने वाले हैं।
आईपीएल 2025 का आगाज डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (KKR vs RCB) के बीच मैच से होगा। ये महामुकाबला 22 मार्च को ऐतिहासिक ईडन गार्डन मैदान पर खेला जाएगा। इसके एक दिन बाद आईपीएल के एल क्लासिको में चेन्नई सुपर किंग्स की टक्कर मुंबई इंडियंस (Chennai Super Kings vs Mumbai Indians) से होगी। एक तरफ एमएस धोनी, ऋतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जैसे खिलाड़ी होंगे, तो हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर लौटे रोहित शर्मा भी उनसे मुकाबला करने के लिए तैयार रहेंगे। हालांकि, इस बड़े मैच से पहले मुंबई इंडियंस के खेमे में थोड़ी टेंशन जरूर है।
IPL 2025 का पहला मैच नहीं खेलेंगे हार्दिक
टीम इंडिया के धांसू ऑलराउंडर और मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) आईपीएल 2025 का पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। अब आप सोच रहे होंगे कि हार्दिक तो अभी-अभी चैंपियंस ट्रॉफी खेले हैं और उन्हें चोट भी नहीं लगी है, तो फिर वो चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बड़े मैच में क्यों उपलब्ध नहीं होंगे। इसके पीछे की कहानी पिछले सीजन से जुड़ी हुई है।
हार्दिक पांड्या पर क्यों लगा प्रतिबंध?
दरअसल, हार्दिक पांड्या पर आईपीएल में एक मैच का प्रतिबंध लगा हुआ है। आईपीएल 2024 के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस को सीजन में तीसरी बार स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया था। वो उस सीजन में मुंबई इंडियंस का आखिरी मुकाबला साबित हुआ। MI के कप्तान हार्दिक पांड्या पर स्लो ओवर रेट के लिए एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया, जो इस सीजन के पहले मैच यानि मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स मैच के दौरान लागू होगा।
Advertisement
रोहित शर्मा करेंगे कप्तानी?
आईपीएल 2024 मुंबई इंडियंस के लिए अच्छा नहीं गुजरा। फ्रेंचाइजी ने रोहित की जगह हार्दिक को कप्तान बनाने का बड़ा फैसला लिया। फैंस को ये निर्णय बिल्कुल पसंद नहीं आया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान ऑलराउंडर की जमकर ट्रोलिंग हुई। मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा और टीम प्लेऑफ में भी क्वालिफाई नहीं कर सकी। अब सवाल ये है कि हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कौन करेगा? तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी अभी चोट से उभरे नहीं हैं और वो भी कुछ मैच मिस करेंगे। ऐसे में फ्रेंचाइजी दोबारा रोहित के पास जा सकती है।
आईपीएल में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा है। 2014 में टीम की कमान संभालने के बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस की काया पलट दी और 5 बार चैंपियन बनाया। MI के लिए दूसरा ऑप्शन सूर्यकुमार यादव भी हैं, जो वर्तमान में टीम इंडिया के T20I कप्तान हैं। बता दें कि मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच महामुकबल 23 मार्च को चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा।
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 12 March 2025 at 21:11 IST