IPL के उस नियम के बारे में जानें, जिसने दिल्ली कैपिटल्स में मचाई खलबली; पंत को करवा दिया सस्पेंड
ऋषभ पंत की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। IPL के जिस नियम के तहत दिल्ली कैपिटल्स में खलबली मची है, उस बारे में आपको सबकुछ बताते हैं।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: इस सीजन दिलदार अंदाज में खेल रही दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के पास प्लेऑफ में जाने का मौका है, हालांकि उसे इसके कड़ी चुनौतियों को पार करना होगा। दिल्ली कैपिटल्स को क्वालीफिकेशन के लिए अपने आखिरी दोनों लीग मैच जीतने होंगे, लेकिन इस बीच IPL के एक नियम ने दिल्ली के खेमे में खलबली मचा दी है।
पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स को धूल चटाने वाली दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को अपना अगला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेलना है। दिल्ली ही नहीं बेंगलुरु के लिए भी ये मुकाबला डू एंड डाई होगा। ऐसे में दिल्ली के लिए कड़ी चुनौती होने वाली है और इस बीच दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को बड़ा झटका लगा है। दरअसल दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) RCB के खिलाफ ये ‘करो या मरो’ वाला मैच नहीं खेल पाएंगे। पंत पर एक मैच का बैन लगा है, जिस वजह से वो इस मैच से बाहर हो गए हैं। पंत IPL के एक नियम की वजह से बाहर हुए हैं। आइए आपको उस नियम के बारे में बताते हैं।
IPL की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए पंत बैन
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में IPL की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है। वो अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे और ये दिल्ली के लिए बहुत बड़ा झटका है। ऋषभ पंत पर एक मैच का बैन और भारी जुर्माना इसलिए लगाया गया है, क्योंकि इस सीजन ये तीसरी बार है, जब दिल्ली कैपिटल्स स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई है। दिल्ली कैपिटल्स के बाकी खिलाड़ियों, जिसमें इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट भी शामिल है, पर 12 लाख रुपए या उसकी जो भी मैच फीस हो, उसका 50 फीसदी जुर्माना लगाया गया है।
Advertisement
क्या है IPL का मिनिमम ओवर रेट नियम?
बता दें कि IPL की आचार संहिता में स्लो ओवर रेट का नियम है। दरअसल इस नियम के तहत अगर कोई भी टीम निर्धारित समय में तयशुदा ओवर डालने में असफल रहती है तो उस पर जुर्माना लगाया जाता है। इस वक्त IPL में हर टीम को अपने 20 ओवर डालने के लिए 85 मिनट का समय दिया जाता है। हर टीम को प्रति ओवर 4.25 मिनट का समय दिया जाता है, हालांकि अंपायर की ओर से कुछ मिनटों का एक्स्ट्रा टाइम भी दिया जाता है, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स ने पिछले मैच में 20 ओवर पूरे करने में 117.82 मिनट का समय लिया, जो IPL की आचार संहिता के तहत मिनिमम ओवर रेट का उल्लंघन है। लिहाजा मैच रेफरी ने आचार संहिता के खंड-2 के अनुच्छेद 4.2.4 के तहत दिल्ली कैपिटल्स पर ये कार्रवाई की, क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स ने तीसरी बार ये गलती की है, इसलिए पंत पर 30 लाख रुपए का भारी जुर्माना और एक मैच का बैन लगाया गया है।
Advertisement
ऋषभ पंत, दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग और क्रिकेट निदेशक सौरव गांगुली ने मैच रेफरी की इस कार्रवाई के खिलाफ BCCI का रुख किया, लेकिन उनकी एक न चली। दिल्ली कैपिटल्स ने मैच रेफरी के इस फैसले को चुनौती देते हुए एक अपील दायर की, जिसे समीक्षा के लिए BCCI के प्रशासनिक अधिकारी के पास भेजा गया। BCCI की ओर से वर्चुअल रूप से सुनवाई की गई और कहा गया कि मैच रेफरी का फैसला अंतिम और बाध्यकारी है, जिसे टीम को मानना पड़ेगा। यानि अब ऋषभ पंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ बेंगलुरु में 12 मई, रविवार को होने वाले 'करो या मरो' मुकाबले में नहीं खेलेंगे। पंत की गैर मौजूदगी में दिल्ली की कप्तानी कौन करता है? ये देखना होगा।