जिद्द पर अड़े विराट कोहली! मैदान पर अंपायर से भिड़े, जुर्माना लगा फिर भी किया ये काम, जानें मामला
केकेआर के खिलाफ मैच में विराट कोहली जिस तरीके से आउट दिया गया उसपर सवाल उठाए जा रहे हैं। मोहम्मद कैफ ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Virat Kohli Latest News: आईपीएल 2024 में रविवार को हुए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को एक रन से हरा दिया। ईडन गार्डन मैदान पर खेले गए मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को जिस तरीके से आउट दिया गया उसपर सवाल उठाए जा रहे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मैदान पर अंपायर से बहस करने के बाद मैच रेफरी ने विराट कोहली को कड़ी सजा दी थी। उनपर केकेआर के खिलाफ मैच का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था। लेकिन लगता नहीं है कि कोहली उस विकेट से बाहर निकले हैं। उनके दिमाग में अभी भी वही चल रहा है।
विराट कोहली के विकेट पर विवाद
आईपीएल 2024 के दौरान मोहम्मद कैफ स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर हिन्दी कमेंट्री कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर विराट कोहली के विकेट और टूर्नामेंट में अंपायर के फैसले पर रिएक्शन दिया है।
मोहम्मद कैफ ने लिखा कि विराट कोहली जिस गेंद पर आउट हुए वो साफ तौर पर बीमर था। वहीं, एक गेंद जो एमएस धोनी के बल्ले के नीचे से गई उसे अंपायर ने वाइड दिया। कैमरा, रिप्ले, तकनीक लेकिन फिर भी हो रही हैं ऐसी गलतियां। खराब अंपायरिंग।
Advertisement
मोहम्मद कैफ के इस पोस्ट को विराट कोहली ने भी लाइक किया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो भी पूर्व क्रिकेटर की बातों से सहमति रखते हैं और उनके दिमाग से वो विवादित निर्णय निकल नहीं रही है।
कैसे आउट हुए थे कोहली?
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में तेज गेंदबाज हर्षित राणा की हाई फुल टॉस पर विराट कोहली चकमा खा गए और गेंद बैट के ऊपरी किनारे से लगकर हवा में गई और गेंदबाज ने खुद ये कैच लपका। कोहली को लगा कि ये नो बॉल है लेकिन थर्ड अंपायर ने साफ किया कि ये लीगल डिलीवरी है और उन्हें पवेलियन जाना होगा। ईडन गार्डन मैदान पर खेले गए हाई वोल्टेज मैच को KKR ने एक रन से जीत लिया। विराट कोहली के विकेट को मैच का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है।
