IPL 2024: 'आप हमेशा विराट कोहली पर...', RCB की खस्ता हालत के बीच बोले आरोन
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने IPL 2024 सीजन में RCB की खस्ता हालत के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कोहली का जिक्र कर सवाल उठाया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL 2024: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की इस IPL सीजन में हालत खस्ता है। कोहली (Kohli), डु प्लेसिस (Du Plessis) और मैक्सवेल (Maxwell) जैसे स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली ये टीम 8 मैचों के बाद प्वॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानि 10वें नंबर पर है। RCB को रविवार को एक और हार मिली है।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए IPL मुकाबले में RCB को महज 1 रन से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार ने RCB की उम्मीदों को झटका दिया है। 8 मैचों में ये RCB की सातवीं हार है और इसके बाद उसके लिए वापसी करना बहुत मुश्किल होगा। इस बीच पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने विराट कोहली को लेकर बयान दिया है।
कोहली पर क्या बोले आरोन?
वरुण आरोन ने रविवार को एक बयान में कहा कि अब समय आ गया है जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए भारत के घरेलू खिलाड़ी जिम्मेदारी उठाएं और विराट कोहली पर निर्भरता को कम करें। बता दें कि कोहली इस IPL सीजन में RCB के लिए शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 8 पारियों में 379 रन बनाए हैं और ‘ओरेंज कैप’ उनके नाम हैं। उनका स्ट्राइक रेट 150.40 का है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 113 रन है।
Advertisement
IPL ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए वरुण आरोन ने कहा-
ये सिर्फ ऐसा है कि RCB लय हासिल नहीं कर पा रही, घरेलू खिलाड़ी जिम्मेदारी नहीं उठा रहे।
इस साल की शुरुआत में फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने वाले 34 वर्षीय आरोन ने कहा-
Advertisement
अगर आपको अंक तालिका में शीर्ष के करीब या फिर इस तालिका के बीच में पहुंचना है तो आपके पास ऐसे घरेलू खिलाड़ी होने चाहिए जो दमदार प्रदर्शन करें, क्योंकि आप हमेशा विराट कोहली पर निर्भर नहीं हो सकते। अन्य खिलाड़ियों को भी जिम्मेदारी उठानी होगी। आप इतनी ज्यादा राशि उन खिलाड़ियों पर नहीं खर्च कर सकते जो डग आउट में ही बैठे रहे और खेले नहीं।
बता दें कि आरोन को RCB ने 2014 में दो करोड़ रुपए में खरीदा था और फिर 2016 की नीलामी में रिटेन किया था।