DC vs MI IPL 2026: हार्दिक की जगह कप्तान बनते ही सूर्या के बल्ले ने उगली आग, शानदार हाफ सेंचुरी के साथ दिल्ली कैपिटल्स को दिया इतने रन का टारगेट

DC vs MI, IPL 2026: मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स के सामने 163 रनों का लक्ष्य रखा है।

Follow : Google News Icon  
Delhi Capitals vs Mumbai Indians
Delhi Capitals vs Mumbai Indians | Image: BCCI

DC vs MI, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 8वां मुकाबला शनिवार, 4 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या स्वास्थ्य कारणों से बाहर हैं, जिसके चलते टीम की कमान दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के हाथों में है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके जवाब में मुंबई ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी

नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आए कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली। उन्होंने मैदान के चारों ओर अपने सिग्नेचर शॉट्स लगाए और मात्र 36 गेंदों में 51 रन कूट डाले। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 3 चौके और 2 शानदार छक्के जड़े। सूर्या के अलावा ओपनर रोहित शर्मा ने भी अच्छी शुरुआत की और 26 गेंदों में 35 रनों का योगदान दिया, जबकि नमन धीर ने 21 गेंदों में 28 रनों की छोटी लेकिन जरूरी पारी खेली।

MI के प्लेइंग11 में हुए कई बदलाव

टॉस के समय सूर्यकुमार यादव ने बताया कि हार्दिक पांड्या पूरी तरह ठीक नहीं हैं, इसलिए उन्हें आराम दिया गया है। मुंबई की टीम में इस मैच के लिए कई रणनीतिक बदलाव भी देखने को मिले, जिसमें तेज गेंदबाज दीपक चाहर की टीम में वापसी हुई है। वहीं, ट्रेंट बोल्ट की जगह कॉर्बिन बॉश को मौका मिला है। स्पिन के लिए अल्लाह गजनफर की जगह मिचेल सेंटनर को शामिल किया गया है।

दिल्ली को मिला घरेलू मैदान का फायदा

दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने घरेलू परिस्थितियों का बखूबी फायदा उठाया और मुंबई के बल्लेबाजों को हाथ खोलने के ज्यादा मौके नहीं दिए। मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन और विपराज निगम को 1-1 सफलता मिली। जिससे मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के सामने 163 रनों का लक्ष्य रखा।

Advertisement

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग 11: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विपराज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन।

इम्पैक्ट प्लेयर- आशुतोष शर्मा, आकिब नबी, समीर रिजवी, दुष्मंथा चमीरा, करुण नायर।

Advertisement

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।

इम्पैक्ट प्लेयर - मयंक मारकंडे, रॉबिन मिन्ज, राज अंगद बाबा, ट्रेंट बोल्ट, अश्वनी कुमार।

ये भी पढ़ें:  IPL 2026: दो मैच दोनों में शानदार जीत... फिर भी पंजाब किंग्स के कैप्टन श्रेयस अय्यर पर क्यों लटकी बैन की तलवार?

Published By :
Shashank Kumar
पब्लिश्ड