अपडेटेड 25 March 2025 at 22:50 IST
श्रेयस अय्यर की आतिशी पारी से पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट पर 243 रन बनाए
श्रेयस अय्यर ने नौ छक्के और पांच चौके लगाए लेकिन वह आईपीएल में अपना पहला शतक पूरा नहीं कर सके क्योंकि आखिरी ओवर में उन्हें स्ट्राइक नहीं मिला।
- खेल समाचार
- 3 min read

कप्तान श्रेयस अय्यर ने पंजाब किंग्स के लिए अपने कार्यकाल की शुरुआत 42 गेंदों पर नाबाद 97 रनों की शानदार पारी से की, जिससे उनकी टीम ने मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
श्रेयस ने नौ छक्के और पांच चौके लगाए लेकिन वह आईपीएल में अपना पहला शतक पूरा नहीं कर सके क्योंकि आखिरी ओवर में उन्हें स्ट्राइक नहीं मिला। मोहम्मद सिराज के इस ओवर से शशांक सिंह (16 गेंदों पर 44 रन) ने 23 रन बटोरकर पंजाब की पारी को शानदार तरीके से समाप्त किया। शशांक ने अपनी शानदार पारी के दौरान छह चौके और दो छक्के लगाए।
इससे पहले आईपीएल पदार्पण कर रहे प्रियांश आर्य (23 गेंदों पर 47 रन) ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए शुरुआती ओवर से ही गुजरात के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया।
आर्य को पंजाब किंग्स ने पिछली नीलामी में 3.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने सिराज के खिलाफ डीप स्क्वायर लेग पर अपना पहला छक्का और उसके बाद चौका लगाया।
Advertisement
गुजरात की टीम को कागिसो रबाडा ने प्रभसिमरन सिंह (पांच) को चलता कर पहली सफलता दिलायी। अय्यर ने मैदान पर आते ही दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी तेज गेंदबाज के खिलाफ चौका लगाने के बाद गेंद को दर्शकों के पास भेजा।
चौबीस साल के आर्य ने अरशद खान के खिलाफ तीन चौके और छक्का लगाकर पांचवें ओवर से 21 रन बटोरे। उन्होंने रबाडा के खिलाफ शानदार चौका जड़ जिससे पावर प्ले में पंजाब किंग्स का स्कोर एक विकेट पर 73 रन हो गया। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने इसके बाद गेंद राशिद खान को थमाई और अफगानिस्तान के इस करिश्माई गेंदबाज ने आर्य को आउट कर टीम को दूसरी सफलता दिलायी। उनके हमवतन अजमतउल्ला ओमरजई (16) ने पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला।
Advertisement
खब्बू स्पिनर साई किशोर ने लगातार गेंदबाजों पर ओमरजई और ग्लेन मैक्सवेल को आउट किया, जिससे 11वें ओवर में पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 105 रन हो गया। इन विकेटों का हालांकि अय्यर की पारी पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने 27 गेंद में अर्धशतक पूरा करने के बाद किशोर की गेंद पर दो छक्के जड़े जिसमें लॉन्ग ऑफ पर लगया छक्का शानदार था। इस ओवर में मार्कस स्टोइनिस ने भी चौका लगाया।
श्रेयस ने इसके बाद राशिद के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाकर उनका आंकड़ा खराब किया। स्टोइनिस तथा श्रेयस ने सिराज के खिलाफ एक-एक छक्का जमाया। स्टोइनिस 15 गेंद में 20 रन बनाकर किशोर का तीसरा शिकार बने जो गुजरात के सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए। अय्यर और शशांक ने इसके बाद 28 गेंद में 81 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को 240 रन के पार पहुंचा दिया।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 25 March 2025 at 22:50 IST