DC vs MI: कौन है IPL की नई सनसनी समीर रिजवी? जिसने मुंबई इंडियंस को घुटने पर ला दिया, 90 रनों की पारी में ताबड़तोड़ जड़ दिए 7 छक्के और 7 चौके
Sameer Rizvi IPL 2026: अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया। जीत के असली हीरो रहे समीर रिज़वी, जिन्होंने 7 छक्के और 7 चौकों की मदद से 90 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
- खेल समाचार
- 3 min read

Sameer Rizvi DC vs MI: IPL 2026 के 8वें मैच में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों के परखच्चे उड़ा दिए। जिससे 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 18.1 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। यह दिल्ली की इस सीजन में लगातार दूसरी जीत है, जबकि कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा।
कौन हैं समीर रिजवी?
उत्तर प्रदेश के मेरठ से आने वाले 22-वर्षीय समीर रिजवी को सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में 'दाएं हाथ के सुरेश रैना' के नाम से जाना जाता है। इसके पीछे की कहानी बेहद दिलचस्प है, क्योंकि साल 2011 में एक रणजी मैच के दौरान मात्र 8 साल के समीर की फील्डिंग देखकर सुरेश रैना इतने प्रभावित हुए थे कि उन्होंने अपना सनग्लास (चश्मा) समीर को गिफ्ट कर दिया था।
इसके अलावा रिजवी की स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ निडर होकर खेलने की शैली और मिडिल ऑर्डर में मैच फिनिश करने का अंदाज हूबहू सुरेश रैना की याद दिलाता है। बता दें, समीर ने 11 साल की उम्र से मेरठ की गांधीबाग अकादमी में अभ्यास शुरू किया था। फिर 2020 में पिता को ब्रेन हैमरेज होने के बाद वे बहुत कम उम्र में परिवार के मुख्य सहारा बन गए।
रिजवी के 14 शॉट्स ने बदली कहानी
बात करें MI के खिलाफ मैच की तो मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के 51 रनों की बदौलत 162 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की शुरुआत खराब रही और केएल राहुल (1) व नीतीश राणा जल्दी आउट हो गए। ऐसे में एक समय दिल्ली दबाव में थी, लेकिन फिर समीर रिजवी ने मोर्चा संभाला।
Advertisement
रिजवी ने मात्र 51 गेंदों में 90 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, यानी उन्होंने अपनी पारी के 70 रन केवल बाउंड्री से बटोरे। 176.47 की स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी ने मुंबई के गेंदबाजों (सेंटनर, बोल्ट के विकल्प बॉश और सेंटनर) को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में मुंबई की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में 51 रनों की कप्तानी पारी खेली। रोहित शर्मा ने 35 और नमन धीर ने 28 रन जोड़े, लेकिन यह स्कोर समीर रिजवी के तूफान को रोकने के लिए काफी नहीं था। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने सबसे किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके। दिल्ली कैपिटल्स अब अंक-तालिका में मजबूती से आगे बढ़ रही है, जबकि मुंबई को अपने नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की कमी खल रही है।