CSK Vs RCB: शिवम दूबे ने कोहली को किया आउट तो बवंडर बनकर टूट पड़े डेविड-पाटीदार; तूफानी पारी खेल चेन्नई को दिया 251 रनों का लक्ष्य
CSK Vs RCB: IPL 2026 के 11वें मैच में RCB ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 250 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया है। यह इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2026: बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रविवार, 5 अप्रैल को IPL 2026 का सबसे यादगार मुकाबला देखने को मिला। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाजों ने तबाही मचाते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसी बीच शिवम दुबे का विराट कोहली के आउट होने पर एक वीडियो वायरल हो गया।
विराट कोहली और शिवम दुबे का 'हाई-वोल्टेज' ड्रामा
मैच के दौरान मैदान पर उस वक्त तनाव बढ़ गया जब शिवम दुबे ने शुरुआत में विराट कोहली का एक आसान कैच छोड़ दिया। कोहली ने इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए आक्रामक रुख अपनाया और 28 रन (18 गेंद) बनाए।
हालांकि, अंशुल कंबोज की गेंद पर जब शिवम दुबे ने कोहली का शानदार कैच लपका, तो उन्होंने अपना सारा गुस्सा निकाला। दुबे ने गेंद को जमीन पर पटकते हुए बेहद जोशीले और गुस्से भरे अंदाज में जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टिम डेविड और पाटीदार की धमाकेदार पारी
बता दें, मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और कप्तान रजत पाटीदार ने चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर क्लास ली। टिम डेविड ने मात्र 25 गेंदों में नाबाद 70 रन कूट डाले। उनकी इस पारी में 8 छक्के और 3 चौके आए। वहीं, दूसरी ओर कप्तान रजत पाटीदार ने कप्तानी पारी खेलते हुए 19 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 6 गगनचुंबी छक्के लगाए।
Advertisement
इससे पहले सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने भी इस दौरान 46 रन (30 गेंद) बनाकर टीम को ठोस शुरुआत दी थी। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने शानदार वापसी करते हुए 50 रन (29 गेंद) की अर्धशतकीय पारी खेली।
चेन्नई के लिए आसान नहीं जीत
CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जो चिन्नास्वामी की सपाट पिच पर पूरी तरह गलत साबित हुआ। चेन्नई की टीम इस सीजन में पहले ही राजस्थान और पंजाब से हार चुकी है। अब 251 रनों के इस असंभव से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करना चेन्नई के लिए बड़ी चुनौती होगी।
Advertisement
टीमें इस मैच के लिए
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (प्लेइंग XI): फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: सुयश शर्मा, जैकब बेथेल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान, वेंकटेश अय्यर।
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग XI): संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, शिवम दुबे, सरफराज खान, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: मैथ्यू शॉर्ट, अकील होसेन, कार्तिक शर्मा, रामकृष्ण घोष, गुरजापनीत सिंह।