IPL 2024: बेफिक्र राजस्थान रॉयल्स ने लगाई हार की हैट्रिक, नहीं चुभी पंजाब से मिली हार
संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2024 सीजन में हार की हैट्रिक लगाई है। राजस्थान को अब पंजाब किंग्स ने हराया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के बाद बेफिक्र हुए राजस्थान रॉयल्स ने हार की हैट्रिक लगाई है। संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान टीम को अब पंजाब किंग्स ने हराया है। राजस्थान को पंजाब के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है, हालांकि उसे ये हार चुभी नहीं है।
राजस्थान और पंजाब किंग्स के बीच बुधवार, 15 मई को गुवाहाटी में IPL मुकाबला खेला गया, जो एक तरह से औपचारिकता थी, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुका है, जबकि पंजाब कब का टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 144 रन ही बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मैच जीत लिया।
सैम करन ने खेली कप्तानी पारी
पंजाब किंग्स बेशक इस सीजन प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई, लेकिन उसे टूर्नामेंट का समापन शानदार जीत के साथ किया। पंजाब की इस जीत के हीरो स्टार ऑलराउंडर सैम करन रहे, जिन्होंने पहले गेंदबाजी में 2 विकेट लिए और फिर बल्लेबाजी में 63 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को जबरदस्त जीत दिलाई। सैम करन को इस जानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेअर ऑफ द मैच' चुना गया। राजस्थान इस हार के बावजूद दूसरे नंबर पर बरकरार है, क्योंकि उसके 16 प्वॉइंट हैं।