CSK vs SRH मैच में विवाद, जडेजा के साथ कमिंस ने ऐसा क्या किया, दिग्गज बोले- अगर कोहली होते तो...

CSK vs SRH: मैच के दौरान रवींद्र जडेजा रन लेते समय पिच के बीच में आ गए लेकिन फील्डिंग टीम के कप्तान पैट कमिंस ने अपील नहीं की। मोहम्मद कैफ ने इसपर सवाल उठाए हैं

Pat Cummins
Pat Cummins did not appeal Jadeja's possible obstruction. | Image: BCCI/Jiocinema

CSK vs SRH IPL 2024: आईपीएल 2024 (IPL 2024) के 18वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 6 विकेट से हरा दिया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान एक अजीब घटना देखने को मिली। CSK के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) रन भागने के दौरान पिच के बीचों बीच आ गए लेकिन विरोधी टीम के कप्तान यानि पैट कमिंस (Pat Cummins) ने रन आउट (Obstructing The field) की अपील नहीं की।

भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif) ने पैट कमिंस के इस फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने इसके पीछे माइंड गेम का हवाला देते हुए कहा कि लगता है SRH के कप्तान जडेजा को आउट नहीं करना चाहते थे क्योंकि वो किसी कीमत पर एमएस धोनी को बल्लेबाजी के लिए नहीं आने देना चाह रहे थे।

चेन्नई बनाम हैदराबाद मैच में विवाद

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 165 रन बनाए। शिवम दुबे को छोड़कर बाकी कोई बल्लेबाज तेज गति से रन नहीं बना सका। नंबर-5 पर बैटिंग करने उतरे स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा काफी संघर्ष करते दिखे और उन्होंने 23 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली। यह घटना सीएसके की पारी के 19वें ओवर की चौथी गेंद पर घटी। भुवनेश्वर कुमार ने जड़ेजा को यॉर्कर फेंकी जिसे वो सीधे गेंदबाज की दिशा में मार बैठे। भुवी ने गेंद पकड़ा और जडेजा को क्रीज के बाहर देख उन्होंने तुरंत स्टंप की दिशा में टारगेट किया।

क्या है पूरा मामला?

असली कहानी इसके बाद शुरू हुई। भुवनेश्वर कुमार ने जब गेंद थ्रो किया तो रवींद्र जडेजा बीच में आ गए और बॉल उनके पीठ पर लगी। रीप्ले देखकर साफ लगा कि जडेजा ने जानबूझकर रन आउट से बचने के लिए ऐसा किया है। विकेट कीपर हेनरिक क्लासेन ने क्षेत्र में बाधा डालने और रन आउट की हल्की अपील तो की लेकिन कप्तान पैट कमिंस और गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने उनका साथ नहीं दिया। इस घटना को देखने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया के माध्यम से दो सवाल पूछे।

Advertisement

पहला सवाल

मोहम्मद कैफ ने अपने X अकाउंट पर लिखा कि जडेजा के खिलाफ फील्डिंग में बाधा डालने की अपील वापस लेने पर पैट कमिंस से दो सवाल। क्या यह एक रणनीतिक फैसला था कि संघर्ष कर रहे जडेजा को क्रीज पर रहने दिया जाए और धोनी को अंदर रखा जाए।

दूसरा सवाल

कैफ ने आगे लिखा कि अगर ऐसी परिस्थिति टी20 वर्ल्ड कप में आए और बल्लेबाज का नाम विराट कोहली हो तो पैट कमिंस ऐसा ही करेंगे या फिर अपील करेंगे।

Advertisement

क्या है नियम?

बता दें कि आईसीसी के नियमानुसार अगर कोई बल्लेबाज रन लेते समय अपना डायरेक्शन चेंज करता है और गेंद स्टंप की जगह उसके शरीर पर लगती है तो फील्डिंग टीम अंपायर से रन आउट की अपील कर सकती है। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसी घटना बहुत बार घट चुकी है और ऐसे हालात में आमतौर पर बल्लेबाज को आउट करार दिया जाता है।

इसे भी पढ़ें: IPL 2024: शशांक के साथ कंफ्यूजन वाले मसले पर PBKS की को-ऑनर प्रीति जिंटा ने तोड़ी चुप्पी, क्या कहा?


 

Published By:
 Ritesh Kumar
पब्लिश्ड