MI vs DC: ढह गई दिल्ली कैपिटल्स, प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस की सीट कन्फर्म, टॉप-2 की रेस में कौन आगे? समझें समीकरण
Mumbai Indians vs Delhi Capitals: आईपीएल 2025 के 63वें मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को जीतकर मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।
- खेल समाचार
- 4 min read

Mumbai Indians vs Delhi Capitals: आईपीएल 2025 के 63वें मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले को जीतकर मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। इसके साथ ही IPL 2025 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली 4 टीमों का पता चल गया है। MI से पहले गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने प्लेऑफ में अपनी बुकिंग कर ली थी।
आईपीएल 2025 के प्लेऑफ की गुत्थी तो सुलझ चुकी है, लेकिन अब बड़ा सवाल ये है कि टॉप-2 की रेस में कौन बाजी मारेगा? बता दें कि पॉइंट्स टेबल पर पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को फायदा मिलता है। टॉप-2 की रेस में फिलहाल गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू आगे हैं, लेकिन ये समीकरण बदल भी सकता है।
आईपीएल 2025 में DC और MI का सफर
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि अक्षर पटेल की अगुवाई वाली टीम आसानी से प्लेऑफ में जगह बना लेगी। DC ने शुरुआती 5 मैचों में लगातार जीत हासिल की थी और वो पॉइंट्स टेबल पर टॉप पर थे। छठे मैच में उन्होंने इस सीजन का पहला हार चखा और उसके बाद दिल्ली कैपिटल्स की गाड़ी जीत की पटरी से उतर गई। वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस का सफर ठीक उल्टा रहा।
हार्दिक पांड्या की टीम ने शुरुआती 5 में से 4 मुकाबले गंवा दिए थे। उसके बाद मुंबई इंडियंस ने शानदार वापसी की और जीत का छक्का लगाकर सनसनी मचा दी। बुधवार को MI ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से पटखनी देकर प्लेऑफ में भी अपनी सीट कन्फर्म कर ली। फैंस के मन में अब ये सवाल है कि क्या मुंबई इंडियंस टॉप-2 में फिनिश कर सकती है? आइए पॉइंट्स टेबल का समीकरण समझते हैं।
Advertisement
टॉप-2 की रेस में कौन आगे?
आईपीएल 2025 के पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस 12 में से 9 मुकाबले जीतकर 18 अंकों के साथ टॉप पर है। दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू है जिन्होंने 12 में से 8 मुकाबले जीते हैं। 3 में हार का सामना करना पड़ा है, वहीं एक मैच बारिश के कारण धुल गया था। RCB 17 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। उनके और पंजाब किंग्स के बीच सिर्फ नेट रनरेट का फासला है। श्रेयस अय्यर की टीम 17 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर है, वहीं मुंबई इंडियंस के खाते में फिलहाल 16 अंक हैं।
पॉइंट्स टेबल की लिहाज से देखें तो ऐसा लग रहा है कि गुजरात टाइटंस टॉप-2 की रेस में सबसे आगे हैं। शुभमन गिल की टीम को अभी 2 मुकाबले और खेलने हैं। गुरुवार (आज) को अगर वो लखनऊ सुपर जायंट्स को हराने में कामयाब होते हैं तो टॉप-2 में उनकी सीट लगभग कन्फर्म हो जाएगी। RCB के पास भी टॉप-2 में फिनिश करने का अच्छा मौका है। अभी उनके 2 मैच बाकी हैं और वो 21 पॉइंट तक जा सकते हैं।
Advertisement
रजत पाटीदार की टीम की नजर दोनों मुकाबले जीतने पर होगी ताकि वो पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस से आगे रहे। यही समीकरण पंजाब किंग्स के लिए भी है। वहीं मुंबई इंडियंस के लिए टॉप-2 में जगह बनाना आसान नहीं है। हार्दिक की टीम अपना आखिरी मैच जीतती भी है तो वो 20 अंकों तक पहुंच पाएगी। उनका मुकाबला पंजाब किंग्स से है। ऐसी स्थिति में उन्हें RCB और गुजरात टाइटंस के मैच के नतीजे पर निर्भर रहना होगा।
MI vs DC: मुंबई इंडियंस की जीत में चमके सूर्या
स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें T20 क्रिकेट में इतना हाई रेट किया जाता है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में सूर्या ने 43 गेंदों पर 73 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 4 चौके लगाए। आखिरी 2 ओवर में सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी और मुंबई इंडियंस को 180 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। नमन धीर ने 8 गेंदों पर 24 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।