अपडेटेड 31 March 2025 at 17:06 IST
धोनी में अब नहीं रही वो बात, 10 ओवर बल्लेबाजी नहीं कर सकते, CSK के कोच फ्लेमिंग ने ही खोल दी पोल
चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने CSK के पूर्व कप्तान MS Dhoni के बारे में कहा, अब वो 10 ओवर बल्लेबाजी नहीं कर सकते। उन्होंने वजह का भी खुलासा किया।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL 2025, MS Dhoni: आईपीएल 2025 में जब आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में एमएस धोनी 9वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए तो सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट दिग्गजों तक हर किसी ने माही को आड़े हाथों लिया। इसके बाद राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में धोनी भले 6वें नंबर खेलने आए पर उनके बल्ले में और उनके खेल में वो पहली वाली बात नहीं दिखी।
इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग एमएस धोनी के बचाव में आए। फ्लेमिंग ने सीएसके के विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी का बचाव करते हुए कहा कि अब उन्हें 10 ओवर तक बल्ले करने में दिक्कत महसूस हो रही है। इसलिए वो ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी के लिए नहीं आते हैं।
क्या बोले चेन्नई के कोच स्टीफन फ्लेमिंग?
राजस्थान रॉयल्स से मिली 6 रनों की हार के बाद CSK कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि,
"ये समय की बात है। अब धोनी का घुटना, शरीर पहले जैसा नहीं रह गया है। वे ठीक से चल-फिर रहे हैं लेकिन अब उन्हें दिक्कत आने लगी है। वो 10 ओवर तक बैटिंग करने के लिए फिट नहीं है। इस वजह से धोनी परिस्थिति का आंकलन करते हैं और उसके अनुसार बल्लेबाजी के लिए आते हैं। राजस्थान के खिलाफ मैच में धोनी ऊपर बल्लेबाजी करने आए और मौके-मौके पर बाकी बल्लेबाजों को भी मौका देते रहते हैं।"
क्या है धोनी की उम्र?
यहां आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की उम्र 43 साल की हो गई है। अमूमन चेन्नई की ओर से वे तभी क्रीज पर आते हैं जब गेम की काफी कम गेंदें बची रहती हैं। CSK कोच स्टीफन ने बताया कि टीम धोनी को 13वें और 14वें ओवर के बाद बैटिंग के लिए कहती है, लेकिन मैच की परिस्थितियों के अनुसार ही वो बैटिंग के लिए आते हैं।
Advertisement
धोनी क्यों आते हैं लोअर ऑर्डर में?
स्टीफन फ्लेमिंग ने आगे कहा कि, जैसा मैंने पिछले साल कहा था कि धोनी हमारे लिए काफी ज्यादा अहम प्लेयर है। वो एक लीडर हैं और बतौर विकेटकीपर उनका रोल काफी अहम है। उन्हें 9वें-10वें ओवर में भेजना, ऐसा शायद ही उन्होंने कभी किया होगा। इसलिए 13-14 ओवर के नजरिए से देखिए, धोनी उस हिसाब से आंकलन करते हैं कि कौन कैसा खेल रहा है?
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 31 March 2025 at 17:06 IST