IPL 2024: मुंबई इंडियंस के सीनियर प्लेयर ने उठाए हार्दिक की कप्तानी पर सवाल, एक पोस्ट से मच गया बवाल
मुंबई इंडियंस की कमान संभाल रहे हार्दिक पांड्या की ट्रोलिंग नहीं रुक रही थी कि अब एक और बवाल हो गया है। दरअसल टीम के एक खिलाड़ी ने एक विवादित पोस्ट शेयर किया है
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) इस सीजन काफी मशक्कत करती दिख रही है। टीम ने बेशक पिछले मैच में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को हराया है, लेकिन टीम का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है। बल्लेबाजी तो ठीक हो रही है, लेकिन गेंदबाजी पर सवालियां निशान खड़े हो रहे हैं। खिलाड़ी तो छोड़िए कप्तान हार्दिक पांड्या सवालों के घेरे में हैं।
मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को IPL 2024 में सिर्फ प्रदर्शन की ही नहीं, बल्कि एक और बात सता रही है और वो है हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी की आलोचना। रोहित शर्मा की जगह मुंबई के कप्तान बने हार्दिक लगातार फैंस की ट्रोलिंग का शिकार हो रहे हैं। फैंस तो ठीक, लेकिन अब मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) टीम के एक सीनियर खिलाड़ी ने ही हार्दिक (Hardik) की कप्तानी पर सवाल उठा दिए हैं। इस खिलाड़ी के एक पोस्ट ने बवाल मचा दिया है।
नबी ने शेयर किया हार्दिक की आलोचना वाला पोस्ट
हार्दिक की कप्तानी पर सवाल उठाने वाला मुंबई इंडियंस का ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि मोहम्मद नबी हैं। मुंबई इंडियंस के अनुभवी ऑलराउंडर नबी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट को शेयर किया, जिसमें हार्दिक की आलोचना की जा रही थी। मोहम्मद नबी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में ये पोस्ट शेयर किया था, जिसमें हार्दिक पंड्या की कप्तानी को लेकर सवाल उठाए गए थे। इस पोस्ट में नबी की पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच का एक फोटो शेयर किया गया।
Advertisement
दरअसल पंजाब के खिलाफ मैच में कप्तान हार्दिक ने मोहम्मद नबी से एक भी ओवर नहीं करवाया। नबी की ओर से शेयर किए गए इस पोस्ट में लिखा गया-
मुंबई इंडियंस आपके कप्तान हार्दिक पांड्या के कुछ फैसले बेहद अजीब और चौंकाने वाले हैं। नबी ने आज गेंदबाजी नहीं की।
इस पोस्ट में नबी की तारीफ भी की गई थी। दरअसल मोहम्मद नबी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में दो महत्वपूर्ण कैच और एक रन आउट किया था। ऐसे में शायद नबी ने अपनी तारीफ देखकर या ये कहें कि अनजाने में ये पोस्ट शेयर कर दिया, लेकिन विवाद तब हुआ, जब इस पोस्ट में हार्दिक की बुराई किए जाने के बावजूद नबी ने इसे शेयर कर दिया, हालांकि पोस्ट के वायरल होने के बाद नबी को समझ आई और पोस्ट को डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक फैंस ने इसका स्क्रीनशॉट ले लिया था और ये पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया था।
Advertisement
ये बात तो तय है कि हार्दिक की कप्तानी को लेकर पनपा विवाद इतनी जल्दी थमने वाला नहीं है, क्योंकि फैंस अभी भी उन्हें कप्तान के तौर पर स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। वहीं हार्दिक की अगुवाई में मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन की बात करें तो IPL 2024 में अब तक 7 मैच खेले हैं, जिसमें 3 जीते हैं और 4 हारे हैं।