अपडेटेड 1 April 2025 at 16:01 IST
गेंदबाजी के लिए जूते नहीं, CSK-KKR ने ठुकराया, अश्विनी कुमार ने कैसे तय किया 30 रुपये से 30 लाख तक का सफर?
31 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई के तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार ने अपनी घातक गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
- खेल समाचार
- 3 min read

Ashwani Kumar, IPL 2025, Mumbai Indians: आईपीएल का मंच युवा खिलाड़ियों के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां वे अपनी प्रतिभाओं को खुलकर दिखा सकते हैं। मुंबई इंडियंस ने टीम इंडिया को कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं जो आज भारत का नाम दुनियाभर में रोशन कर रहे हैं। उन्हीं खिलाड़ियों की तरह मुंबई ने एक बार फिर हीरे की खदान से अश्विनी कुमार नाम का हीरा ढूंढ निकाला है।
सोमवार, 31 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार ने अपनी घातक गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इस शानदार परफॉर्मेंस के बाद से वे रातों-रात क्रिकेट जगत की सनसनी बन गए। लेकिन अश्विनी कुमार का यहां तक का सफर इतना आसान नहीं था। एक वक्त तो ऐसा भी था जब उनके पास जूता खरीदने के पैसे तक नहीं थे।
अश्विनी कुमार ने केकेआर के चार विकेट चटकाए
मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल डेब्यू करते हुए जब अश्विनी कुमार ने अपनी पहली आईपीएल गेंद पर कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे को आउट किया तो लगा बचपन के संघर्षों और सब्र का फल मिल गया हो। रहाणे के बाद उन्होंने रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल और मनीष पांडे को भी अपना शिकार बनाया। अश्विनी के घातक स्पेल के आगे कोलकाता ने घुटने टेक दिए और 16.2 ओवर में 10 विकेट गंवाकर महज 116 रन ही बनाए।
30 रूपए लेकर ऑटो से ट्रेनिंग के लिए जाते थे अश्विनी कुमार
इंडियन एक्सप्रेस के बात करते हुए अश्विनी कुमार के पिता हरकेश कुमार ने बताया कि, "चाहे कितनी भी तेज धूप हो या बारिश लेकिन अश्विनी कभी भी मोहाली में पीसीए या बाद में मुल्लांपुर के नए स्टेडियम में जाने से नहीं हिचकिचाता था। कभी वो लिफ्ट लेकर वहां पहुंचता था तो कभी 30 रूपए के शेयर्ड आटो में सफर कर स्टेडियम जाया करता था। वो रोज मुझसे 30 रूपए किराया लेकर जाता था।"
Advertisement
30 रूपए से 30 लाख तक की कहानी
अश्विनी कुमार एक वक्त अपने पिता से 30 रूपए लेकर स्टेडियम जाया करते थे और इस सीजन के पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें 30 लाख में खरीदा था। अश्विनी कुमार के 30 रूपए से 30 लाख तक की संघर्ष की कहानी तो सिर्फ वो और उनके पिता ही जानते होंगे। अश्विनी के पिता ने आगे बताया कि वो रोज रात में ट्रेनिंग से रात 10 बजे लौटता था और सुबह 5 बजे फिर ट्रेनिंग के लिए निकल जाता था।
CSK-KKR ने अश्विनी कुमार को ठुकराया
अश्विनी कुमार कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के ट्रायल में फेल रहे थे। उन्होंने हमेशा से जसप3ीत बुमराह और मिचेल स्टार्क को अपना रोल मॉडल माना है और इत्तेफाक भी इतना सही कि उन्हें मुंबई इंडियंस ने जसप्रीत बुमराह की भरपाई के लिए ही टीम में रखा था। उन्होंने न सिर्फ बुमराह की भरपाई की बल्कि मुंबई इंडियंस को सीजन की पहली जीत दिलाई।
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 1 April 2025 at 16:01 IST