अपडेटेड 14 April 2025 at 07:13 IST

DC vs MI: करुण नायर ने उड़ाई धज्जियां तो आगबबूला हुए बुमराह, बीच मैदान जमकर हुई बहस, रोहित ने जो किया वो VIRAL है

DC vs MI: जिस जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी से दुनियाभर के बल्लेबाज खौफ खाते हैं, उन्हें करुन नायर ने आड़े हाथों लिया और 9 गेंदों का सामना करते हुए 26 रन बना दिए।

Follow : Google News Icon  
jasprit bumrah and karun nair heated exchange Rohit sharma reaction wins heart dc vs mi highlights
बुमराह और करुन नायर में जोरदार बहस, रोहित शर्मा का रिएक्शन वायरल | Image: X

Jasprit Bumrah Karun Nair Fight: आईपीएल 2025 के 29वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से हुआ। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में करुन नायर ने शानदार पारी खेलकर महफिल लूट ली। 3 साल के लंबे इंतजार के बाद उन्हें आखिरकार आईपीएल में जलवा दिखाने का मौका मिला और करुन ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका। बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी बल्लेबाजी करने उतरे करुन नायर ने चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी।

जिस जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी से दुनियाभर के बल्लेबाज खौफ खाते हैं, उन्हें करुन नायर ने आड़े हाथों लिया और 9 गेंदों का सामना करते हुए 26 रन बना दिए। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ने 22 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की, लेकिन इसके बाद बीच मैदान पर वो देखने को मिला, जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की होगी।

बुमराह और करुन नायर में जोरदार बहस

जब करुन नायर 48 के स्कोर पर खेल रहे थे तब उन्होंने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर डबल दौड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। रन लेने के दौरान वो बुमराह से टकरा गए थे। मुंबई इंडियंस के स्टार गेंदबाज को ये बात पसंद नहीं आई। ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान बुमराह ने करुन नायर से कुछ कहा। उनके चेहरे पर गुस्सा साफ तौर से जाहिर हो रहा था। करुन नायर भी उन्हें जवाब देने से पीछे नहीं हटे और मामला बिगड़ गया। इस बीच मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने समझदारी दिखाई और करुन को शांत रहने के लिए कहा। बुमराह-करुन की लड़ाई को देख रहे रोहित शर्मा ने जो रिएक्शन दिया वो सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है।

रोहित शर्मा का रिएक्शन वायरल

जब जसप्रीत बुमराह और करुन नायर के बीच बहस हो रही थी, तब हिटमैन इस लड़ाई को एन्जॉय करते दिखे। जब कैमरे का फोकस उनपर गया तो वो गर्दन घुमाकर फनी रिएक्शन देने लगे। रोहित शर्मा का ये अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है। देखें वीडियो

Advertisement

DC vs MI Highlights: रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को मिली जीत

अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 205 रन टांग दिए। ओपनर रयान रिकेल्टन ने 41, सूर्या ने 40 और तिलक वर्मा ने 59 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और ओपनर जेक फ्रेजर मैकगर्क पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद करुन नायर और अभिषेक पोरेल के बीच 119 रनों की शानदार पार्टनरशिप हुई।

करण शर्मा ने बदला मैच

करुन ने 40 गेंदों पर 89 रनों की जबरदस्त पारी खेली। हालांकि, उनके आउट होते ही दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई और मुंबई इंडियंस ने मैच में वापसी की। अनुभवी स्पिनर करण शर्मा ने अहम मौके पर 3 विकेट लेकर मैच का रंग-रूप बदल दिया। मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन से हराकर इस सीजन में दूसरी जीत हासिल की। वहीं, अक्षर पटेल की टीम का विजय अभियान आखिरकार टूट गया। 

Advertisement

इसे भी पढ़ें: बापू है तो मुमकिन है... अक्षर पटेल ने उड़ते हुए एक हाथ से रोका ऐसा छक्का; VIDEO देख नहीं होगा आंखों पर विश्वास

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 14 April 2025 at 07:13 IST