अपडेटेड 5 May 2025 at 21:16 IST
VIDEO: रियान पराग ने लगाए लगातार 6 छक्के, फिर भी नहीं कर पाए युवराज सिंह की बराबरी; ये थी वजह
रियान पराग की इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दौरान क्रिकेट फैंस को युवराज सिंह की याद आने लगी।
- खेल समाचार
- 3 min read

रविवार (4 मई) को खेले गए IPL 2025 के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच धमाकेदार मुकाबला हुआ। इस मैच में चौकों छक्कों की जमकर बारिश हुई। दरअसल राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने एक के बाद एक करके लगातार 6 आसमानी छक्के जड़ दिए। रियान पराग की इस ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दौरान क्रिकेट फैंस को युवराज सिंह की याद आने लगी। इसके पहले साल 2007 में आईसीसी द्वारा आयोजित पहले टी 20 क्रिकेट विश्वकप के दौरान युवराज सिंह ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार 6 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया था। यहां भी रियान पराग ने लगातार 6 छक्के जरूर लगाए लेकिन वो युवराज सिंह के रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाए। आइए आपको बताते हैं इसके पीछे की वजह।
रविवार को रियान पराग ने केकेआर के खिलाफ लगातार 6 छक्के लगाए और इसके बाद भी वो युवराज सिंह के क्लब में शामिल नहीं हो पाए। इसके पीछे की वजह ये है कि रियान पराग ने 6 छक्के दो गेंदबाजों की गेंदों पर लगाए। दरअसल रियान पराग ने पहले 5 छक्के एक गेंदबाज की गेंदों पर लगाए और छठा छक्का दूसरे ओवर में स्ट्राइक पाते ही लगाया था। इस तरह से वो युवराज सिंह के एक ओवर में 6 छक्के के रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाए।
पारी के 13वें ओवर में बरसे रियान पराग, लगाए 5 छक्के
दरअसल राजस्थान रॉयल्स की पारी का 13वां ओवर जारी था। केकेआर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए मोईन अली ने जब पहली गेंद डाली थी तब स्ट्राइक पर शिमरन हेटमायर थे और पहली गेंद पर उन्होंने एक सिंगल ले लिया था। अब मोईन अली की अगली गेंद का सामना करने के लिए राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग सामने थे। रियान पराग ने मोईन अली के ओवर की बाकी बची 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के लगाए और जब उसके बाद अगला ओवर लेकर वरुण चक्रवर्ती लेकर आए तो फिर पहली गेंद पर हेटमायर ने सिंगल ले लिया और इस बार फिर रियान पराग ने पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया और लगातार आईपीएल में लगातार 6 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने।
इन बल्लेबाजों ने IPL टूर्नामेंट में लगाए हैं एक ओवर में 5 छक्के
- क्रिस गेल ने साल 2012 में राहुल शर्मा के ओवर में 5 छक्के लगाए थे
- राहुल तेवतिया ने एस कॉटरेल के ओवर में साल 2020 में 5 छक्के लगाए थे
- रवींद्र जडेजा ने हर्षल पटेल के एक ओवर में साल 2021 में पांच छक्के लगाए थे
- रिंकू सिंह ने यश दयाल के एक ओवर में साल 2023 में पांच छक्के लगाए थे
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 5 May 2025 at 21:16 IST