अपडेटेड 2 April 2024 at 13:48 IST

जो हाल तेरा... रियान पराग के सामने छलका हार्दिक पांड्या का दर्द, ये तस्वीर अपने आप में पूरी कहानी

हार्दिक पांड्या के लिए अभी तक आईपीएल 2024 का सफर आसान नहीं रहा है। अपने ही होमग्राउंड यानि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फैंस उनके खिलाफ नारेबाजी करते दिखे।

Follow : Google News Icon  
hardik pandya and riyan parag talking after match
हार्दिक पांड्या और रियान पराग | Image: iplt20.com

IPL 2024: कहते हैं कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। समय का चक्र बदलता जरूर है और जरूरी नहीं कि जो लोग आज आपकी आलोचना कर रहे हैं उनकी सोच बदलेगी नहीं। मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए मैच के बाद एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है जो अपने आप में एक पूरी कहानी को बयां कर रही है। MI के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) मैदान में बैठकर युवा खिलाड़ी रियान पराग (Riyan Parag) से बातचीत कर रहे हैं।

हार्दिक पांड्या के लिए अभी तक आईपीएल 2024 का सफर आसान नहीं रहा है। अपने ही होमग्राउंड यानि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में फैंस उनके खिलाफ नारेबाजी करते दिखे। ये इसलिए हो रहा है क्योंकि मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह उन्हें कप्तान बनाने का फैसला किया। बाहरी विवाद का असर बल्लेबाजी पर भी दिख रहा है और हार्दिक का बल्ला अभी उस अंदाज में नहीं बरसा है जिसके लिए वो जाने जाते हैं।

रियान के सामने छलका हार्दिक का दर्द

हार्दिक पांड्या के लिए भले ही आईपीएल 2024 का सफर अच्छा नहीं गुजर रहा हो, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी रियान पराग के लिए ये सीजन उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हो रहा है। रियान ने इस सीजन अभी तक 3 मैचों में 181 रन बनाए हैं और उनके सिर पर ऑरेंज कैप है। लेकिन, पिछले साल कहानी विपरीत थी।

पिछले दो आईपीएल में रियान पराग का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें ट्रोल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे थे। आलम ये था कि कुछ लोगों ने यहां तक कह दिया था कि राजस्थान रॉयल्स की टीम सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलती है, क्योंकि रियान पराग तो किसी काम के नहीं हैं।

Advertisement

हालांकि, राजस्थान रॉयल्स ने रियान पर भरोसा जारी रखा और उन्हें रिटेन करने का फैसला किया। अब 22 वर्षीय खिलाड़ी आईपीएल 2024 में धमाल मचा रहे हैं। हार्दिक पांड्या की भी यही कहानी है। उनके लिए आईपीएल का पिछला दो सीजन शानदार रहा। आईपीएल 2022 में उन्होंने नई टीम गुजरात टाइटंस की कप्तानी कर चैंपियन बनाया और पिछले सीजन इसी टीम के साथ फाइनल तक का सफर तय किया। लेकिन आईपीएल 2024 से पहले उनपर मुंबई इंडियंस ने पैसों की बरसात कर अपनी टीम में तो शामिल किया लेकिन अभी तक किस्मत उनके साथ नहीं है। जिस हार्दिक के लिए 3 साल पहले तक मुंबई इंडियंस के फैंस चीयर करते थे, वो अब उन्हें गाली तक दे रहे हैं।

Advertisement

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में देख सकते हैं कि हार्दिक पांड्या राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी रियान पराग से बातचीत कर रहे हैं। तस्वीर से साफ जाहिर हो रही है कि वो पराग से अपना दुख बांट रहे हैं। उम्मीद है रियान की तरह ही हार्दिक की किस्मत भी बदलेगी और वो मुंबई इंडियंस के साथ-साथ टीम इंडिया के लिए भी जलवा बिखेरेंगे। 

इसे भी पढ़ें: बस बहुत हुआ... रोहित ने जीता दिल, हार्दिक की हूटिंग कर रहे फैंस को ऐसे कराया चुप, वीडियो वायरल

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 2 April 2024 at 13:39 IST