अपडेटेड 19 April 2024 at 09:37 IST
जब मुश्किल आई तो याद आए रोहित, अंतिम ओवर में हार्दिक ने कहा- आप करो कप्तानी, फैंस ने लिए मजे
Rohit Sharma News: पंजाब किंग्स के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा की बैटिंग देख मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के होश उड़ गए। आखिरी ओवर में रोहित ने कप्तानी की।
- खेल समाचार
- 3 min read

Hardik Pandya-Rohit Sharma: आईपीएल 2024 में गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस को जीत तो मिली लेकिन इसके लिए उन्हें अंतिम ओवर तक पापड़ बेलनी पड़ी। स्कोरबोर्ड पर 192 रन बनाने के बाद स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहर बरपाया और शुरुआती झटके देकर पंजाब किंग्स को बैकफुट पर धकेल दिया। हर बार की तरह इस बार भी पंजाब किंग्स के फैंस की उम्मीदें शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा पर टिकी थीं।
शशांक-आशुतोष ने इस बार भी फैंस को निराश नहीं किया और शानदार पारी खेलकर मैच में पंजाब किंग्स की वापसी कराई। आलम ये हो गया कि एक समय जीत का स्वाद करीब देख मुस्कुरा रहे मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के चेहरे का रंग उड़ गया। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें, फिर उनके पास आए रोहित शर्मा, मोर्चा संभाला और मुंबई इंडियंस ये मैच जीत गई।
अंतिम ओवर में रोहित ने की कप्तानी
193 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सिर्फ 14 के स्कोर पर उन्होंने 4 प्रमुख विकेट गंवा दिए। इसके बाद इस सीजन में दमदार प्रदर्शन कर रहे शशांक सिंह ने मोर्चा संभाला और थोड़ा दबाव मुंबई इंडियंस पर डाला। लेकिन 25 गेंदों पर 41 रन बनाकर वो आउट हो गए और पंजाब की टीम फिर मुसीबत में फंस गई। 77 के स्कोर पर 6 विकेट गिर गए, ऐसा लगा कि MI ये मैच आसानी से जीत लेगी लेकिन अभी आशुतोष शर्मा नाम के तूफान का आना बाकी था।
आशुतोष शर्मा ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि कप्तान हार्दिक पांड्या के होश उड़ गए। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग कर मैच का रंग-रूप बदल दिया और मुकाबला पंजाब किंग्स के कंट्रोल में आ गया। 18वें ओवर में वो आउट जरूर हुए लेकिन उसके बाद भी ऑलराउंडर हरप्रीत बर्रार ने रन गति को बढ़ाए रखा। आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के लिए 13 रनों की दरकार थी। 9 विकेट गिर चुके थे लेकिन फिर भी हार्दिक पांड्या टेंशन में थे, वो कोई चांस नहीं लेना चाहते थे। इस स्थिति में वो रोहित शर्मा के पास गए और उन्हें फील्ड सेट करने और गेंदबाज से बात करने को कहा। फिर क्या था हिटमैन ने मोर्चा संभाला और आकाश मधवाल को समझाया। पहली गेंद पर ही रबाडा दो रन लेने के चक्कर में रन आउट हुए और मुंबई इंडियंस ने 9 रन से ये मुकाबला जीत लिया।
Advertisement
फैंस ने लिए मजे
बता दें कि आईपीएल 2024 के शुरुआती मैचों में कुछ वीडियो वायरल हुआ था जब मुंबई इंडियंस के नए कप्तान हार्दिक पांड्या रोहित को बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग के लिए भेज रहे थे। इसके कारण उनकी जमकर आलोचना हुई थी। अब मुश्किल समय में हार्दिक को रोहित की याद आ रही है तो फैंस खूब मजे ले रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: गदर मचा रहे थे आशुतोष, हार्दिक के बस की नहीं थी बात, फिर रोहित ने चली चाल और जीत गई मुंबई इंडियंस
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 19 April 2024 at 09:37 IST