गदर मचा रहे थे आशुतोष, हार्दिक के बस की नहीं थी बात, फिर रोहित ने चली चाल और जीत गई मुंबई इंडियंस
MI vs PBKS: मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में पंजाब किंग्स के धाकड़ बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों पर 61 रनों की तूफानी पारी खेली।
- खेल समाचार
- 3 min read

MI vs PBKS: आईपीएल 2024 (IPL 2024) के 33वें मैच में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को 9 रनों से हरा दिया। दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाले मैच में जीत भले ही MI को मिली हो लेकिन दिल जीता पंजाब के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा (Ashutosh Sharma) ने। एक समय लग रहा था कि मुंबई इंडियंस आसानी से ये मुकाबला जीत लेगी। 193 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने महज 77 रन पर अपने 6 विकेट गंवा दिए। लेकिन उसके बाद आया आशुतोष नाम का तूफान और जब तक रहा गेंदबाजों के होश उड़ा दिए।
आशुतोष शर्मा ने अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग से मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को मुश्किल में डाल दिया। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस बल्लेबाज को रोके तो आखिर कैसे। कभी वो गेंदबाज को घूर रहे थे तो कभी इधर-उधर, फिर मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने मोर्चा संभाला और मैच की बाजी पलट गई।
आशुतोष शर्मा ने मचाया गदर
25 साल के आशुतोष शर्मा आईपीएल 2024 में एक सनसनी साबित हो रहे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर फैंस का दिल जीत लिया। 77 पर 6 विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए आशुतोष ने 28 गेंदों पर 61 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 छक्के और दो चौके जड़े। अपनी आक्रामक पारी से उन्होंने पंजाब किंग्स को जीत की दहलीज पर तो पहुंचाया लेकिन आखिरी हर्डल क्रॉस नहीं कर सके।
रोहित ने की गेंदबाज की मदद
आशुतोष शर्मा मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की पिटाई कर रहे थे और कप्तान हार्दिक पांड्या को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें। 17वें ओवर से पहले अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा हार्दिक के पास आए और उन्हें कुछ बताया। हिटमैन ने गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी को फील्ड प्लेसमेंट और कहां बॉल डालनी के इसके बारे में प्लान बताया। इसका परिणाम पहली गेंद पर ही देखने को मिला। कोएत्जी की स्लो शॉट पिच गेंद को आशुतोष शर्मा हिट करने गए लेकिन सही तरह से टाइम नहीं कर सके। मिड विकेट पर फील्डिंग कर रहे मोहम्मद नबी ने कैच लिया और मैच मुंबई इंडियंस के कब्जे में आ गया।
Advertisement
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए। MI की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 78 रनों की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह और गेराल्ड कोएत्जी मुंबई इंडियंस की जीत के स्टार रहे। दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए।