IPL 2024: LSG कप्तान केएल राहुल ने क्यों कहा? 'मुझे ये मानने में कोई शर्म नहीं कि…'
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने IPL के बीच रविचंद्रन अश्विन के साथ खास बातचीत की है। राहुल ने अपनी कप्तानी पर बात की है।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: बतौर कप्तान IPL में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को शुरुआती दो सीजनों में प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले केएल राहुल (KL Rahul) ने अपनी कप्तानी को लेकर बातचीत की है। उन्होंने कहा कि उन्हें ये सफलता खुद की सोच पर भरोसा करने से मिली। वो अपनी कप्तानी के शुरुआती दिनों में ऐसा करने में विफल रहे थे।
LSG से पहले राहुल ने दो सीजन तक पंजाब किंग्स की कप्तानी की, लेकिन उन्हें प्लेऑफ में नहीं ले जा सके। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने भारत की कप्तानी भी की है। राहुल का मानना है कि उन्होंने अपनी सोच और टीम मैनेजमेंट की सलाह मानने के बीच सही संतुलन बना लिया है।
राहुल ने भारतीय टीम के साथी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) के यूट्यूब चैनल पर कहा-
एक टीम का निर्माण आपके द्वारा चुने गए खिलाड़ियों पर निर्भर करता है। आप अहम जगहों (बल्लेबाजी क्रम या गेंदबाजी) पर नीलामी में चूकने का जोखिम नहीं उठा सकते। मुझे ये स्वीकार करने में कोई शर्म नहीं है कि कप्तानी के पहले कुछ सालों में मैंने कुछ गलतियां भी की हैं।
राहुल मौजूदा समय में हेड कोच जस्टिन लैंगर के साथ काम कर रहे हैं। वो इससे पहले अनिल कुंबले और एंडी फ्लॉवर के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा-
Advertisement
जब आप कप्तानी करते हैं तो बहुत सारी जानकारी आती है। किस जानकारी का इस्तेमाल कैसे करना ये आपको तय करना होता है। कई बार आपकी सोच कोच के विपरीत होती है। मेरे लिए शुरुआत में कोच की बात को काटना मुश्किल था, क्योंकि सांस्कृतिक रूप से हमें बड़ों का सम्मान करना सिखाया जाता है। कई बार चीजें योजना के मुताबिक नहीं होती थी और मैं सो नहीं पा रहा था। मुझे एहसास हुआ कि आपको टीम के खिलाड़ियों के अलावा कोच के साथ भी सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने की जरूरत है। हम दोनों टीम के लिए एक ही चीज चाहते है।
रोहित-कोहली की लीडरशिप स्किल पर बोले राहुल
मौजूदा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली की लीडरशिप क्वालिटी के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा-
Advertisement
रोहित ड्रेसिंग रूम में शांति की भावना लाए। कप्तान का जुनून वही रहता है। इससे खिलाड़ियों को अपनी भूमिका समझने और उसमें ढलने के लिए पर्याप्त समय मिलता है। वहीं विराट ने पहले ही एक स्तर तय कर दिया था कि मैदान पर कैसे रहना है। रोहित शांति से चीजों को करते हैं।
केएल राहुल ने महेंद्र सिंह धोनी और केन विलियमसन को सबसे विनम्र खिलाड़ी बताया है। बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स को पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 8 विकेट से हार मिली थी। LSG अब अगले मैच में 19 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ने वाली है।