अपडेटेड 26 April 2024 at 14:16 IST
IPL 2024: आत्मविश्वास से ओतप्रोत दिल्ली का खराब फार्म से जूझ रही मुंबई से सामना, कौन किस पर भारी?
पिछले मैच में शानदार जीत हासिल करने वाली दिल्ली कैपिटल्स IPL में अब 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से भिड़ने वाली है। दोनों टीमों के बीच ये मैच दिल्ली में होगा।
- खेल समाचार
- 4 min read

IPL 2024: ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के शानदार फॉर्म और बेहतरीन कप्तानी से आत्मविश्वास से ओतप्रोत दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) का IPL में अब 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) से सामना होगा, जो इस सीजन अब तक खराब फॉर्म से जूझ रही है।
दिल्ली और मुंबई के बीच शनिवार, 27 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम पर दोपहर को ये मुकाबला खेला जाएगा। पंत की दिल्ली कैपिटल्स हार्दिक की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने विजयी क्रम को जारी रखना चाहेगी।
प्लेऑफ के लिए स्थिति मजबूत करना चाहेगी दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स ने टूर्नामेंट में टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की तो कई में शर्मनाक हार भी झेली, हालांकि पिछले 4 मैचों में से 3 जीतकर वो अंकतालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है और अब मुंबई को हराने पर उसका प्लेऑफ का दावा और पुख्ता हो जाएगा। दूसरी ओर मुंबई ने खराब शुरुआत की। लगातार तीन हार के बाद मुंबई को पहली जीत मिली और फिर उसने 4 में से 3 मैच जीते, लेकिन पिछले मैच में मुंबई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 9 विकेट से हार मिली। प्वॉइंट्स टेबल पर आठवें स्थान पर काबिज मुंबई इंडियंस के लिए अब एक हार भी भारी पड़ सकती है।
Advertisement
IPL में हेड टू हेड रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स का IPL में हेड टू हेड रिकॉर्ड देखें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच हुए हैं, जिसमें 19 मुंबई और 15 दिल्ली ने जीते हैं। इस दौरान मुंबई का हाइएस्ट स्कोर 234, जबकि दिल्ली का 213 रहा है।
Advertisement
पंत का फॉर्म में आना दिल्ली के लिए खुशखबरी
दिल्ली के लिए सबसे सकारात्मक बात कप्तान ऋषभ पंत का फॉर्म रहा है, जो मैच दर मैच निखरते जा रहे हैं। विकेट के पीछे उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा है और वो बल्लेबाजी में खुलकर खेल रहे हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ बुधवार को उन्होंने मैच जिताने वाली नाबाद पारी खेली। संजू सैमसन, दिनेश कार्तिक और ईशान किशन से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद T20 वर्ल्ड कप टीम में उनका जगह बनाना तय लग रहा है।
दिल्ली को मिला अच्छा ओपनर
वहीं दिल्ली कैपिटल्स को जेक फ्रेसर मैकगर्क के रूप में टॉप ऑर्डर में एक अच्छा बल्लेबाज मिला है, लेकिन सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ से लगातार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है, क्योंकि इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में उनकी जिम्मेदारी सिर्फ बल्लेबाजी की है। वहीं पिछले मैच में डेविड वॉर्नर की जगह खेलने वाले शाई होप कोई कमाल नहीं कर सके। लिहाजा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की टीम में वापसी हो सकती है। ट्रिस्टन स्टब्स प्रभावी रहे हैं, जबकि गुजरात के खिलाफ बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आने वाले अक्षर पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।
स्पिनर्स ने भी दिखाया कमाल
कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने भले ही स्पिन गेंदबाजी में कमाल दिखाया है, लेकिन दिल्ली के तेज गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। अनुभवी पेसर एनरिक नोर्त्जे ने करीब 14 की इकोनॉमी से रन दिए हैं। वहीं खलील अहमद, मुकेश कुमार और ईशांत शर्मा भी प्रभावी नहीं रहे हैं।
हार्दिक की कप्तानी का टेस्ट
बता दें कि मुंबई इंडियंस ने IPL 2024 सीजन में पहली जीत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ही दर्ज की थी और कप्तान हार्दिक पांड्या इसे फिर दोहराना चाहेंगे। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि टिम डेविड, ईशान किशन और हार्दिक बड़ी पारियां नहीं खेल सके हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह मुंबई के लिए ट्रंपकार्ड रहे हैं, जिन्होंने महज 6 के करीब की औसत से 13 विकेट लिए हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के गेराल्ड कोएत्जी ने 10.10 की इकोनॉमी से 12 विकेट लिए हैं ।
टीमें:
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, गेराल्ड कोएत्जे, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका, मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी, नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड।
दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ, यश धुल, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, ललित यादव, मिचेल मार्श, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्तवाल, एनरिक नोर्त्जे, कुलदीप यादव, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, खलील अहमद, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार, ट्रिस्टन स्टब्स, रिकी भुई, कुमार कुशाग्र, रसिख डार, झाय रिचर्डसन, सुमित कुमार, स्वास्तिक चिकारा, शाई होप।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 26 April 2024 at 14:16 IST