IPL 2024: स्पीडस्टार मयंक को लेकर LSG के इस फैसले से नाखुश ब्रेट ली, बोले- 'ये उसके लिए बिल्कुल…'
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने भारतीय स्पीडस्टार मयंक यादव को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स के एक फैसले की आलोचना की है।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली (Brett Lee) का मानना है कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने मयंक यादव (Mayank Yadav) की चोट का सही तरह से प्रबंधन नहीं किया। उन्होंने कहा कि पेट में दर्द के कारण बाहर होने के बाद इस युवा तेज गेंदबाज को समय से पहले IPL में वापस लाया गया।
21 साल के मयंक को 7 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान पेट में जकड़न महसूस हुई। ये उनका तीसरा IPL मैच था और उन्होंने अपनी तेज गति से सभी को प्रभावित किया और अपने शुरुआती दोनों मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ बने। उन्होंने मंगलवार को लखनऊ में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की जीत के दौरान वापसी की, लेकिन चोटिल होने के कारण अपना चौथा ओवर पूरा किए बिना मैदान से बाहर चले गए।
हेड कोच लैंगर ने दिया फिटनेस अपडेट
लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के बाद कहा कि युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव को उसी स्थान पर दर्द महसूस हो रहा है, जिसके कारण वो लगभग 3 हफ्ते तक मैदान से बाहर रहे थे।
Advertisement
ब्रेट ली ने LSG मैनेजमेंट पर मढ़ा दोष
उधर वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में से एक रहे ब्रेट ली ने इसका दोष लखनऊ टीम के शीर्ष प्रबंधन और मेडिकल स्टाफ पर मढ़ा है। ली ने IPL के जिडिटल ब्रॉडकास्टर ‘जियो सिनेमा’ से बातचीत में कहा-
Advertisement
साइड स्ट्रेन या इसे जो भी कहा जाए, आमतौर इसे ठीक होने में कम से कम 4 से 6 हफ्ते लगते हैं। हमें नहीं पता कि ये कितना गंभीर है, लेकिन जो व्यक्ति 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करके अपने शरीर पर बोझ डाल रहा है उसके लिए यह बिलकुल भी अच्छा प्रबंधन नहीं है। वापसी करते हुए उसका पहला मैच और चोटिल हो जाना, इसकी जिम्मेदारी सीधे लखनऊ सुपर जायंट्स के नेतृत्व समूह और मेडिकल स्टाफ पर होनी चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए 1999 से 2008 के बीच 76 टेस्ट मैचों में 310 विकेट लेने वाले 47 वर्षीय ब्रेट ली ने मयंक के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि उन्हें सही सलाह मिलनी चाहिए थी। ब्रेट ली ने कहा-
एकमात्र व्यक्ति जिसे ये कीमत चुकानी पड़ी है वो मयंक है। IPL में हर कोई ये देखना पसंद करता है कि उसकी क्षमता क्या है। आप चाहते हैं कि उसे सही सलाह मिलती जिससे कि उसे इससे नहीं गुजरना पड़ता।
बता दें कि मयंक यादव ने अब तक IPL 2024 में 4 मैच खेले हैं, जिसमें 6.99 की इकोनॉमी पर 7 विकेट चटाकाए हैं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)