अपडेटेड 1 April 2025 at 10:49 IST
Ashwani Kumar: किसान के बेटे ने मचाया धमाल, IPL डेब्यू से पहले खाना भी नहीं खाया, भावुक कर देगी अश्विनी कुमार की कहानी
Ashwani Kumar: अश्विनी कुमार आईपीएल डेब्यू पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। अश्विनी ने अपने 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
- खेल समाचार
- 3 min read

Ashwani Kumar Profile: कहते हैं 'मंजिलें उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। मुंबई इंडियंस के नए सनसनी अश्विनी कुमार पर ये कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है। मोहाली के छोटे से गांव झांझेरी के रहने वाले युवा खिलाड़ी को जब पता चला कि वो आईपीएल में डेब्यू करने वाले हैं तो उनकी भूख मर गई। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले उन्होंने कुछ नहीं खाया। हालांकि, आईपीएल डेब्यू पर उन्होंने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उससे उनकी भूख जरूर मिट गई होगी।
आईपीएल 2025 के 12वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ। लगातार दो मैच हारने के बाद मुंबई इंडियंस की पलटन अपने होमग्राउंड वानखेड़े में पहुंची। हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके बाद शुरू हुआ अश्विनी कुमार का शानदार सफर, जिसे वो कभी नहीं भूलेंगे।
अश्विनी कुमार ने मनाया महारिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने चौथे ओवर में गेंद डेब्यूटेंट अश्विनी कुमार के हाथों में थमाई। 23 वर्षीय गेंदबाज ने पहली गेंद पर ही कमाल कर दिया। उन्होंने KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे को जाल में फंसाया और अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद अश्विनी ने रिंकू सिंह, मनीष पांडे और खतरनाक बल्लेबाज आंद्रे रसेल का विकेट लेकर महारिकॉर्ड बना दिया। वो आईपीएल डेब्यू पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। अश्विनी ने अपने 3 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
आसान नहीं रहा सफर
मोहाली के छोटे से गांव झांझेरी के रहने वाले अश्विनी कुमार का सफर आसान नहीं रहा है। वो मिडिल क्लास फैमिली से आते हैं। मां-पिता ने कड़ी मेहनत की और अश्विनी के क्रिकेट करियर को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
Advertisement
बिना खाए किया आईपीएल डेब्यू
मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ी ने मैच खत्म होने के बाद बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जब पता चला कि उन्हें आज डेब्यू करने का मौका मिलेगा तो उनकी भूख-प्यास खत्म हो गई और उन्होंने लंच भी नहीं किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले अश्विनी सिर्फ एक केला खाकर मैदान पर उतरे और विपक्षी टीम की लंका लगा दी। आईपीएल डेब्यू पर धमाल मचाने वाले अश्विनी कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अवॉर्ड लेते समय उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह अवसर पाना और मैन ऑफ द मैच बनना बहुत बड़ी बात है। मेरा पैतृक स्थान मोहाली जिले में है। बहुत मेहनत की है और भगवान की कृपा से मैं यहां हूं। मुझे पूरा भरोसा था लेकिन फिर भी खेल से पहले हमेशा घबराहट होती है। मुझे जो भी अवसर मिलेंगे, मैं अपने घर के लोगों को गौरवान्वित करूंगा।
मुंबई इंडियंस ने चखा जीत का स्वाद
आईपीएल 2025 में लगातार दो हार के बाद आखिरकार मुंबई इंडियंस ने जीत का स्वाद चख लिया। कोलकाता नाइट राइडर्स को महज 116 रनों पर ढेर करने के बाद MI ने इस टारगेट को 12.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया। रयान रिकेल्टन ने 41 गेंदों पर 62 रनों की शानदार पारी खेली। सूर्यकुमार यादव ने भी 9 गेंदों पर 27 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 विकेट से हरा दिया।
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 1 April 2025 at 06:55 IST