Yashasvi Jaiswal ने अंग्रेजों को फिर धोया, इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में जड़ दिया शानदार शतक
भारत के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भी बल्ले के साथ जबरदस्त प्रदर्शन करके दिखाया है। जायसवाल ने शतक जड़ दिया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Yashasvi Jaiswal scored a brilliant century in the third test against England: भारत और इंग्लैंड के बीच राजकोट में तीसरा टेस्ट मैच जारी है। गेंदबाजों के जबरदस्त प्रदर्शन के बाद अब जिम्मा भारतीय बल्लेबाजों ने उठाया है। पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने एक बार फिर अंग्रेजों को धोया है।
बाएं हाथ के ओपनर जायसवाल ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को शानदार शतक जड़ दिया है। जायसवाल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सेंचुरी लगाई है।
चौके-छक्कों के दम पर जड़ा शतक
22 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने पिछले मैच की तरह इस मैच में अटैकिंग मोड में बल्लेबाजी दिखाई है। जायसवाल ने इंग्लैंड टीम को उसी की भाषा में जवाब देते हुए गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया है। जायसवाल ने 9 चौकों और 5 छक्कों के दम पर अपना तीसरा टेस्ट शतक पूरा किया है। उनकी इस जानदार पारी की बदौलत भारत भी बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा है। तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया है और भारत ने 2 विकेट गंवाकर 196 रन बना लिए हैं और 322 रन की मजबूत लीड ले ली है।
Advertisement
यशस्वी जायसवाल ने रचा कीर्तिमान
यशस्वी जायसवाल बेशक शतक बनाकर कमर में दर्द की वजह से मैदान छोड़कर चले गए हैं, लेकिन उन्होंने एक शानदार कीर्तिमान अपने नाम किया है। बता दें कि यशस्वी वीरेंद्र सहवाग और संजय मांझरेकर के साथ टेस्ट में सबसे तेज 3 शतक जड़ने वाले सातवें संयुक्त भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। औसत की बात करें तो पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सहवाग ने 13 पारियों में 3 शतक जड़े थे और तब उनका औसत 53.21 था, जबकि यशस्वी ने 13 पारियों में तीसरा शतक 62.25 के औसत के साथ जड़ा है।