क्या राजनीति की पिच पर उतरेंगे मोहम्मद शमी? बीजेपी अध्यक्ष से मुलाकात के बाद चुनाव लड़ने और BJP से जुड़ने की चर्चा तेज
भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष कुंवर बासित अली के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस भेंट ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
- खेल समाचार
- 2 min read

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के राजनीति में आने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। हाल ही में उन्होंने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की, जिसकी तस्वीर सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। शमी ने 6 नवंबर 2026 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था और वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। घरेलू स्तर पर अच्छे प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया में वापसी न हो पाने के बीच इस मुलाकात ने उनके राजनीतिक डेब्यू की चर्चाओं को हवा दी है।
अल्पसंख्यक मोर्चे में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से शमी की यह मुलाकात बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली के जरिए हुई। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि शमी पार्टी में शामिल होते हैं, तो उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चे में कोई अहम पद या जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि, शमी ने इस मुलाकात को निजी बताया है और औपचारिक रूप से राजनीति में आने की कोई घोषणा नहीं की है।
क्या चुनाव भी लड़ेंगे मोहम्मद शमी?
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस मुलाकात को खास तौर पर देखा जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अमरोहा के रहने वाले शमी को बीजेपी के टिकट पर अमरोहा से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। इससे पहले शमी ने रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से भी मुलाकात की थी, जिसकी तस्वीरें वायरल होने के बाद भी उनके संभावित राजनीतिक कदमों को लेकर ऐसी ही चर्चाएं हुई थीं।
शानदार रहा है क्रिकेट करियर
मैदान पर मोहम्मद शमी का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने भारत के लिए 64 टेस्ट में 229 विकेट, 108 वनडे में 206 विकेट और 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27 विकेट लिए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 103 मैचों में उनके नाम 398 विकेट, लिस्ट ए के 149 मैचों में 283 विकेट और आईपीएल के 132 मैचों में 145 विकेट दर्ज हैं। फिलहाल शमी सीमित ओवरों और घरेलू क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।